बेरोजगारी हटाओ यात्रा पर निकलेंगे तेजस्वी, राजद के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों को दिया प्रमाण पत्र

पटना (अजीत यादव)। राजद ने पिछड़े, शोषित, अभिवंचित समाज को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं इस समाज के मुंह में आवाज देने के लिये लगातार संघर्ष किया है। राजद ने संगठन मे दलित, अनुसूचित जाति एवं अत्यंत पिछड़ों को45% का आरक्षण दिया है। राजद मात्र एम वाई का दल नहीं है। इसका जनाधार बहुत बड़ा है। ये तो ए-टू-जेड की पार्टी है। हमारा परिवार बहुत बड़ा है। हम समाज के सभी वर्ग और तबकों का आदर और सम्मान करते हैं। उन्हें उचित प्रतिनिधित्व का अवसर देते हैं। ये बातें रविवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 10 सर्कुलर रोड में राजद के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष एवं जिला के प्रधान महासचिवों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा। इस मौके पर नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों को नियुक्ति का प्रमाण पत्र एवं फूल-माला देकर नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया।
नेता प्रतिपक्ष ने नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं महासचिवों को कहा कि राजद से सब को जोड़ें, उनकी समस्याओं को सुने, उनकी समस्याओं का निदान कराएं। पार्टी पदाधिकारियों से अच्छा संबंध एवं समन्वय बना कर रखें। गुटबाजी से दूर रहें। पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी रखें और इसकी जानकारी सबको दें। हम सब का एक ही गुट लालू गुट है। व्यक्तिगत सवार्थ से ऊपर उठ कर पार्टी हित मे काम करें। आपने आज जो यहां सीखा उसे प्रचारित करें। लोगों को बताएं।


उन्होंने कहा कि देश आर्थिक मंदी और बेरोजगारी से ग्रस्त है। मैं बेरोजगारी के विरुद्ध राज्य के कोने-कोने की यात्रा करूंगा। विधान सभा सत्र के दौरान भी समय निकाल कर मेरी यात्रा होगी। यात्रा का कार्यक्रम आपसे परामर्श कर निर्धारित होगा। बेरोजगारी हटाओ यात्रा से सबको जोड़ें। जिस तरह से संगठन मे आरक्षण दिया है, उसी प्रकार टिकट वितरण में भी सामाजिक समीकरण का ख्याल रखकर टिकट दिये जायेंगे। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य मे अपराध बढ़ रहे हंै। शिक्षा और चिकित्सा की व्यवस्था चरमराई हुई है। सरकारी संस्थाओं को बेचकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हार के कारणों का अध्ययन और मूल्यांकन कर पूर्व में हुई भूल से दूर रहें। पार्टी के लिये समर्पित भाव से कार्य करें। लालू जी का जो भी उमीदवार बनाया जाये, उसे पूरा सहयोग और समर्थन दे कर जीत दिलाएं। चुनाव के लिये समय कम बचे हैं। उसको ध्यान में रखकर दिन रात मेहनत करें।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने किया। जबकि मंच का संचालन चितरंजन गगन ने किया। जगदानंद सिंह ने राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कहा कि वे समाजवादी साहित्य को अवश्य पढ़ा करें। समाजवाद आंदोलन के नेताओं के विचार को जानें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र मे गोली नहीं बोली की जीत होती है। बोली के बल पर ही हजारों साल गरीब, अभिवंचितों को दबा कर रखा गया। लालू जी ने बेजुबानों को जुबान दिया।उन्हें हक की लड़ाई लड़ने का तरीका सिखाया।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए राजद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिना संगठन के संघर्ष नहीं हो सकता है। संगठन का अर्थ होता है काम का बंटवारा। राजद में काम का बंटवारा कर दिया गया है, तमाम साथी अपनी जिमेदारी को समझ कर अभी से ही राजद को मजबूत करने मे लग जाएं। राजद का जनाधार बहुत बड़ा है। जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कमसे कम 11 से21 सदस्यों की सक्रिय सदस्यों की समिति बनाई जाये। बैठक को पूर्वमंत्री शिवानंद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्वे, तनवीर हसन, अशोक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मदन शर्मा, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, निराला यादव उपस्थित थे।

You may have missed