बेरोजगारी हटाओ यात्रा: कुछ इस तरह से बिहार सरकार पर बरसे तेजस्वी
समस्तीपुर। सरकार सात करोड़ बेरोजगार बिहारियों को रोजगार। नहीं तो फिर बेरोजगारों से सामना करने के लिए तैयार रहे। सरकार हर मुद्दे पर विफल रही और दो इंजन वाली यह सरकार अब अधिक दिनों तक चलनेवाली नहीं है। ये बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहीं। वे गुरुवार को बेरोजगारी हटाओ यात्रा के तहत पटोरी स्थित जननायक कर्पूरी स्टेडियम में सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्थ बर्बाद करने पर तुली है। शिक्षकों की बदहाली जगजाहिर है। राजद इसके लिए कड़ा जन आंदोलन छेड़ेगा। राजद सरकार से पिछले सालों का हिसाब मांग रहा है, जबकि सरकार स्वयं अपना हिसाब नहीं दे पा रही। मौजूदा सरकार का न तो कोई विजन है और न कोई रोड मैप। यह सरकार युवाओं के साथ धोखाधड़ी कर रही। गरीबों और दलित पिछड़ों की कोई इज्जत इस शासन में नहीं है। हमें अपने मान-सम्मान के लिए लड़ाई लडनी होगी। कहा कि बिहार के अधिकतर उद्योग-धंधे बंद पड़े हैं। इसके कारण बेरोजगारी एक प्रमुख समस्या के रूप में अब सामने खड़ी है। वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने में पूर्णत: विफल रही। समस्तीपुर जिले में ही चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल आदि सभी वर्षों से बंद पड़े हैं। सभी मिल खुल गए होते तो हजारों युवाओं को रोजगार मिल पाता। उन्होंने सीएए तथा एनआरसी पर भी टिप्पणी करते हुए देश के लिए घातक बताया। तेजस्वी यादव ने कहा कि अब इस सरकार को बिहार की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। बिहार में ऐसी दोरंगी नीति वाली सरकार अब नहीं चलने वाली है। जब हमारी सरकार बनेगी तो हमारा मुख्य मुद्दा रोजगार से लड़ना होगा।


