बेरोजगारी और युवाओं पर फोकस : भाजपा बोली- ‘युवाओं का विकास मोदी के साथ’

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव घोषणा के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नेताओं द्वारा तरह-तरह के दावे-प्रतिदावे किए जा रहे हैं। कमोबेश इस चुनाव पर सभी दलों का मुख्य फोकस बेरोजगारी और युवाओं पर है और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एनडीए और महागठबंधन इन दो मुख्य मुद्दों के भरोसे चुनावी समर में दो-दो हाथ करेगी। हालांकि स्थानीय स्तर पर भी कुछ मुद्दे पीछा नहीं छोडेंगे। रविवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनी तो 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। इसके महज दो घंटे के अंदर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने तथ्यों के साथ पलटवार करते हुए युवाओं पर फोकस बुकलेट का विमोचन कर तेजस्वी यादव को घेरा। ‘युवाओं का विकास मोदी के साथ’ नामक बुकलेट भाजपा युवा मोर्चा ने तैयार किया है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने राजद से सवाल किया कि बताए, 15 वर्षों की सरकार में कितने लोगों को नौकरी दी गई थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी कार्यकाल के दौरान बेरोजगारी से संबंधित नाकामियां गिनाईं। कहा कि 2005 से अब तक बिहार के अंदर सत्ता में आने के बाद एनडीए सरकार ने युवाओं को सबसे ज्यादा रोजगार दिया है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। बता दें बुकलेट में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा युवाओं के हित में लिए गए निर्णयों के बारे में विस्तार से बताया गया है। युवाओं की तरक्की और रोजगार के लिए संचालित केंद्र सरकार की 16 योजनाओं पर विस्तार से फोकस किया गया है। इसमें आत्म निर्भर बिहार के जरिए कैसे युवा रोजगार देने वाले बनेंगे, इसके बारे में विस्तार से बताया गया है। प्रमुख योजनाओं से भविष्य में मिलने वाले लाभ और अब तक कितने लोगों को रोजगार मिला, इसकी जानकारी दी गई है।
इस मौके पर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री डॉ. संजीव चौरसिया, प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर और अखिलेश सिंह भी मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed