February 18, 2026

बेमतलब सड़कों पर निकलने वालों से सख्ती से पेश आयी पटना पुलिस, डीजीपी बोले- बिहार में और सख्त होगा लॉकडाउन

पटना। कोरोना संक्रमण को फैलाव को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ा दी गई है। इसके पूर्व सोमवार को बिहार सरकार ने लॉक डाउन को और सख्त करते हुए राज्य में पास वाले वाहन को ही चलने देने का निर्देश जारी किया था, यही नहीं सब्जी-फल खरीदने वालों को पैदल ही खरीदारी करने को कहा गया है। जिसके बाद मंगलवार की सुबह से ही पटना पुलिस लॉक डाउन का अनुपालन नहीं करने वालों के साथ सख्ती से पेश आई, वैसे लोगों पर डंडे भी बरसाए गए जो बेमतलब सड़कों पर मटरगश्ती करने निकले थे।
इधर, प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने की अपील की सराहना करते हुए कहा है कि इसके अलावा और कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में बिहार पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब हम और मुस्तैदी व सख्ती से पीएम की इस अपील का पालन करवाने के लिए तैयार हैं। डीजीपी ने कहा कि पिछले 21 दिनों से बिहार पुलिस का एक-एक जवान अपनी जान और अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभा रहा है। हमें थोड़ी सख्ती भी दिखानी पड़ रही है लेकिन ये हमारी मजबूरी है। कुछ लोग हैं जो मामले की गंभीरता को या कही गई बात को नहीं मानते हैं। ऐसे लोगों से निपटना हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है।
डीजीपी ने कहा कि भारत और नेपाल सीमा पर सुरक्षाबल तैनात हैं, पुलिस अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रही है और आम लोग खुद लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, लेकिन इस दौरान माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी है। ऐसे लोगों का गुंडा रजिस्टर में नाम दर्ज हो रहा है। डीजीपी ने लोगों से अपील की है कि वो लॉकडाउन का पालन करें और पुलिस की मदद करें। पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा और आपकी भलाई के लिए तैनात है। उन्होंने बताया कि हम अपनी ड्यूटी निभाने के दौरान कई तरह के तरीके अपना रहे हैं ताकि लोग अपने घर में रहें। लेकिन कुछ लोग इसे नहीं मानते हैं । ऐसे में हमें डंडे का सहारा लेना पड़ता है। वहीं कुछ लोग पूरी तरह अनुशासन का पालन कर रहे हैं।

You may have missed