बेगूसराय में भक्त चरण और मदन मोहन का विरोध, कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़े, चले लात-घूंसे

बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव में मात्र 19 सीटों पर सिमटने वाली कांग्रेस में विरोध का स्वर शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ ऐसा ही नजारा दिखा बेगूसराय में। शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास और प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को यहां उस वक्त कार्यकर्ताओं का भारी विरोध झेलना पड़ा, जब वे किसान सत्याग्रह यात्रा शुरू करने के लिए राष्ट्रकवि दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए और दोनों ओर से लात-घूंसे तक चलने शुरू हो गए। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण गिरते-गिरते बचीं।
जमकर लगे मुर्दाबाद के नारे
बेगूसराय में किसान आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी के आह्वान पर बिहार कांग्रेस ने किसान सत्याग्रह यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया है। 7 मार्च तक चलने वाली इस सत्याग्रह यात्रा के दौरान 16 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा इसी को लेकर बेगूसराय के जीरोमाइल चौक स्थित राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसान सत्याग्रह यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। लेकिन राष्ट्रकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रभारी भक्त चरण दास को भारी विरोध का सामना पड़ा। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस के दो गुटों के बीच खूब हाथापाई भी हुई। इस विरोध के बाद काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। विरोध के दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण गिरते-गिरते बचीं। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह सभी नेताओं को बाहर निकाला। इस अफरातफरी के बीच प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ट्रैक्टर रैली लेकर जिला मुख्यालय के हर-हर महादेव चौक पहुंचे। महादेव चौक से पदयात्रा शुरू कर विभिन्न मार्गों से होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे और वहां प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर बात की।
भक्त बोले- हमलोग बैठकर बात करेंगे
हंगामा मामले में भक्त चरण दास ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता कई जगहों से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन टिकट नहीं मिल पाया। वहां से खड़े महागठबंधन के उम्मीदवार चुनाव हार गए। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा हंगामा किया गया। फिलहाल उन कार्यकर्ताओं के साथ हमलोग बैठ कर बात करेंगे। उनकी समस्याओं के निदान का हरसंभव प्रयास करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पर टिकट बेचने का लगाया आरोप
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है। विधानसभा चुनाव में टिकट बेची गई। जीतने वाली सीट महागठबंधन के दलों से पैसे लेकर बेच दी गई। लेकिन नेतृत्व कुछ सुन नहीं रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे नेताओं को पार्टी से निकाल देना चाहिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी को पूर्ण रूप से बर्बाद कर दिया, जिसके कारण आज कांग्रेस बहुत निचले पायदान पर पहुंच चुकी है।

About Post Author

You may have missed