बिहार : हड़ताली शिक्षकों को 19 मई तक ज्वाइन करने का मौका, वर्ना होगी सेवा समाप्त

पटना। शिक्षा विभाग ने हड़ताल पर चल रहे बिहार के नियोजित शिक्षकों को ज्वाइन करने का मौका दिया है। इस संबंध में राज्य के सभी डीईओ और बीईओ को निर्देश भेज दिया गया है। भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि नियोजित शिक्षकों को डीईओ (डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन आॅफिसर) या बीईओ (ब्लॉक एजुकेशन आॅफिसर) के कार्यालय में योगदान देना होगा। हड़ताल के दौरान निलंबित किए गए शिक्षक योगदान देते हैं तो उनका निलंबन वापस होगा। प्राथमिक शिक्षा निदेशक रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि शुक्रवार को इस संबंध में शिक्षा विभाग में बैठक हुई। सभी डीईओ और बीईओ को निर्देश दिया गया है कि हड़ताल करने वाले जो भी शिक्षक ज्वाइन करना चाहते हैं उन्हें ज्वाइन करा लिया जाए। शिक्षक जिस जिले में पोस्टेड हैं वे वहां के डीईओ या बीईओ के कार्यालय में जाकर योगदान दे सकते हैं। जो शिक्षक निलंबित हैं उन्हें भी ज्वाइन करा लिया जाएगा और उनका निलंबन रद्द कर दिया जाएगा।
बताते चले कि समान काम के बदले समान वेतन की मांग को लेकर प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल के नियोजित शिक्षक बीते 17 और 25 फरवरी से हड़ताल पर चल रहे हैं। अगर ये शिक्षक तीन माह तक योगदान नहीं देते हैं तो उनकी सेवा समाप्त हो जाएगी। शिक्षकों को ज्वाइन करने के लिए 19 मई तक का समय दिया गया है।