बिहार : मॉस्क नहीं पहनने वालों पर 50 रुपए जुर्माना तय, अब तक 8,211 लोग हुए स्वस्थ

पटना। वीडियो कॉंफ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया के साथ संवाद में बिहार सरकार के सूचना एवं जन सम्पर्क सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह एवं अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।
सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभाग इसे लेकर लोगों को सतर्क कर रही है एवं उनके बीच जन जागरुकता अभियान चलाकर लोगों को सजग कर रही है। सचिव ने बताया कि मॉस्क पहनना अब अनिवार्य कर दिया गया है। मॉस्क नहीं पहनने वालों पर 50 रुपए जुर्माने की राशि तय की गई है, साथ ही उन्हें 2 मॉस्क मुफ्त में दिए जाएंगे।
वहीं श्री कुमार ने बताया कि अभी तक गैर राशन कार्डधारी सुयोग्य परिवारों के लिए 23 लाख 32 हजार 835 नये राशन कार्ड बनाये जा चुके हैं। अब तक 07 लाख 89 हजार 756 राशन कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इस प्रकार बनाए गए राशन कार्डों में से अब तक 34 प्रतिशत नए राशनकार्ड का वितरण किया जा चुका है। 15 जुलाई तक सभी राशन कार्डों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता है और लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 4 लाख 78 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत लगभग 09 करोड़ 48 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है। सभी संबंधित विभाग पूरी कोशिश कर रहे हैं कि इच्छुक लोगों को उनके स्किल के अनुसार यहां काम मिले।
अब तक 2 लाख 43 हजार 169 सैंपल्स की जांच
वहीं स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना से पिछले 24 घंटे में 217 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक 8,211 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं और इस प्रकार बिहार का रिकवरी रेट 75.25 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 519 नये पॉजिटिव मामले सामने आये हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 7,187 सैंपल्स की जांच की गई है। बिहार में अब तक 2 लाख 43 हजार 169 सैंपल्स की जांच की गई है।
24 घंटे में 443 वाहन जब्त
अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोई कांड दर्ज नहीं किया गया है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिछले 24 घंटे में 443 वाहन जब्त किये गये हैं और 15 लाख 77 हजार 500 की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। इस प्रकार अब तक कुल 1852 वाहन जब्त किए गए हैं और 57 लाख 82 हजार 757 रुपए की राशि जुमार्ने के रूप में वसूल की गयी है।

You may have missed