February 12, 2026

बिहार में 7 और मिले कोरोना पॉजिटिव, आंकड़ा पहुंचा 150, रिकवरी रेट में आई कमी

पटना। बिहार में लगातार मिल रहे कोरोना के नए केस और तेजी से बढ़ते आंकड़ों ने बिहार सरकार को चिंता में ला दिया है। कोरोना धीरे-धीरे नये जिलों में भी पांव पसारता जा रहा है और वहीं राज्य में रिकवरी रेट में भी कमी आई है। गुरूवार सुबह से शाम तक सात नए मरीज मिल चुके हैं, जिसके बाद कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 150 हो चुकी है। आज के नए मामलों में चार मरीज मुंगेर जिले के जमालपुर के सदर बाजार से मिले हैं, जो पूर्व में कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए हैं तो वहीं तीन मरीज सासाराम के हैं। बता दें कि बिहार में अब तक मिले कोरोना के 150 मरीजों में से 44 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो लोगों (मुंगेर और वैशाली) की मौत हो चुकी है।
बताया जाता है कि मुंगेर में आज मिले कोरोना पॉजिटिव चार मरीजों में तीन महिलाएं हैं जिनकी उम्र क्रमश: 68, 61, 60 है तो वहीं 36 साल का एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दूसरी रिपोर्ट में तीन मरीज सासाराम के मिले हैं जिनमें एक 36 साल की महिला और दो 20, 28 साल के युवक कोरोना पॉजिटिव हैं।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में बिहार में पॉजिटिव मरीजों की संख्या काफी तेजी से बढ़ी है। सोमवार को जहां नए मरीजों का आंकड़ा 17 पहुंच गया था तो वहीं मंगलवार को भी एक साथ 13 नए मरीज मिले थे और बुधवार को 17 मरीज मिले थे। इस तरह पिछले तीन दिन में 50 से ज्यादा मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, जहां पहले कम जिले कोरोना की चपेट में थे अब वहीं बिहार के 17 जिलों में कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। नालंदा, मुंगेर, सिवान के साथ अब बांका, सासाराम, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) और भोजपुर जिले भी कोरोना के चपेट में आ गए हैं, तो वहीं पटना में भी कोरोना की चेन बनती नजर आ रही है। जिससे पटना भी रेड जोन में शामिल हो गया है।
इस बीच राहत वाली बात यह है कि सीवान में जो कोरोना की चेन बनी थी वहां पिछले एक हफ्ते से कोई नया केस सामने नहीं आया है। इसके साथ ही गया और सारण भी आॅरेंज से ग्रीन जोन में आ गए हैं। तो वहीं गोपालगंज और लखीसराय के सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

You may have missed