February 20, 2026

बिहार में 14 सितंबर से थम जाएगी ट्रकों की पहिया, बिहार ट्रक एसोसिएशन ने किया ऐलान

पटना। बिहार में 14 सितंबर से ट्रकों का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए ठप हो जाएगा। बिहार ट्रक एसोसिएशन ने शनिवार को इसका ऐलान राजधानी पटना के होटल मोर्या में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया है। एसोसिएशन ने सरकार पर आरोप लगाया है कि हमारी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दी गई। लिहाजा विवश होकर चक्का जाम करने का निर्णय लेना पड़ा है।
बिहार ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष भानु शेखर सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 20 सूत्री मांगों को लेकर एसोसिएशन ने ट्रकों के परिचालन ठप करने का निर्णय लिया है। पूरे बिहार में 14 सितंबर की सुबह 6 बजे से ट्रकों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पुलिस-परिवहन और माइनिंग अधिकारियों का आतंक है। इन अधिकारियों के आतंक की वजह से ट्रक मालिक परेशान हैं। बिहार के ट्रक मालिक करोड़ों रूपये लगाकर खाकपति बनते जा रहे हैं और अधिकारी करोड़पति। अब ऐसा नहीं चलने वाला है। संघ की 20 सूत्री मांगें हैं। जब तक हमारी सभी मांगें नहीं मानी जाती है तब तक चक्का जाम जारी रहेगा।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2019 में परिवहन विभाग और संघ के बीच समझौता हुआ था। तब सरकार की तरफ से 90 दिनों में मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद अब तक इस बाबत कोई कदम नहीं उठाया गया है। भानु शेखर ने आगे कहा कि इस बार मांगों को स्वीकार किये बिना चक्का जाम वापस नहीं लेंगे, साथ ही इस बार अब मुख्य सचिव के समक्ष नहीं बल्कि मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।

You may have missed