बिहार में महिला दारोगा की दबंगई : आरोपी महिला को पीट पहुंचाया अस्पताल, पत्रकार को भी धमकाया
सीतामढ़ी (एहसान दानिश)। एक बार फिर बिहार का सीतामढ़ी जिला सुर्खियों में है। वह भी पुलिस की बर्बरता की वजह से। सीतामढ़ी पुलिस ने एक ओरापी महिला की इतनी बेरहमी से पिटाई की है कि उक्त महिला अस्पताल में भर्ती है।
सीतामढ़ी पुलिस ने हद को पार करते हुए पहले तो महिला आरोपी को थाने में इतना पीटा कि वह बेहोश हो गयी। इस बात की सूचना पाकर खबर बनाने पहुंचे पत्रकार के साथ भी महिला दारोगा ने दबंगई दिखाया। वीडियो बना रहे पत्रकार का मोबाइल और बाइक की चाभी छीन लिया, इतना ही नहीं वर्दी का रौब दिखाते हुए भद्दी-भद्दी गालियां भी दी और केस करने तक की धमकी दे डाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी के बैरगनिया थाना क्षेत्र के बैरगनिया नगर पंचायत वार्ड 13 निवासी विजय कुमार की पत्नी संध्या देवी को बैरगनिया थानाध्यक्ष अमिता सिंह ने 103 बोतल सोनफी (नेपाली) शराब के साथ गिरफ्तार कर थाने लाई थी। सूत्र बताते हैं कि पूर्व में उक्त महिला को एक मामले में बैरगनिया पुलिस ने गवाह बनाया था, जिसमें वह गवाही देने से इनकार कर दी थी। इसी गुस्से में महिला थानाध्यक्ष ने उक्त आरोपी महिला की जमकर पिटाई कर दी। जिसकी वजह से उसकी तबियत बिगड़ने लगी। हालात को देखते हुए पहले पीड़ित संध्या देवी को पीएचसी, बैरगनिया में भर्ती कराया गया। बाद में पीएचसी ने हालत गंभीर होते देख सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है। जब इस बात की जानकारी पत्रकारों को हुई तो पत्रकार सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां पत्रकार को दबंगई का दंश झेलना पड़ा। फिलहाल संध्या की हालत ठीक नहीं बताई जाती है। पुलिस के डर से वह पत्रकारों से कुछ भी नहीं बता पा रही है। इधर बैरगनिया थानाध्यक्ष भी मीडिया से बचती नजर आ रही हैं, जिसकी वजह से हकीकत से पर्दा नहीं उठ पा रहा है।


