February 12, 2026

बिहार में तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, संख्या पहुंची 197, सतर्क रहने की जरूरत

पटना। बिहारवासियों के लिए चिंता की बात है और उन्हें और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जिस तेजी से बिहार में कोरोना संक्रमण अपना पांव पसार रहा है, वह कहीं गंभीर न हो जाए। गुरूवार को जहां एक दिन में 27 नए मरीज मिले थे वहीं शुक्रवार को अब तक 27 और नए मरीज मिले हैं। इस तरह बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों को आंकड़ा बढ़कर 197 हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुंगेर के जमालपुर के सदर बाजार से फिर कोरोना के 15 नए केस मिले हैं। जिसमें 5 पुरूष जिनकी उम्र 14, 18, 30, 30 और 46 साल है, वहीं 10 महिलाएं भी पॉजिटिव पायी गई हैं जिनकी उम्र 10, 10, 12, 20, 23, 25, 30, 35, 37 और 38 साल है। इससे पहले आई आज की जांच रिपोर्ट में नालंदा जिले के अस्थावां का एक युवक, बिहारशरीफ की दो महिलाएं और नया भोजपुर की दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इससे पहले बांका, मुंगेर और के कुल सात लोग पॉजिटिव मिले थे।
नालंदा में बना कोरोना चेन, 31 लोग पॉजिटिव
नालंदा में शुक्रवार को अस्थावां का एक युवक, बिहारशरीफ के सकुनत की दो महिलाएं मिलाकर कुल 3 नए पॉजिटिव केस मिले। ये दोनों महिलाएं खासगंज के दुबई से लौटे युवक की चेन का विस्तार है। इस तरह युवक समेत उसकी चेन में 31 लोग शामिल हो गए हैं। वहीं नालंदा जिले के अस्थावां प्रखंड में पहला मामला सामने आया। नालंदा जिले से कुल संक्रमित 34 हो गए हैं। इनमें तीन स्वस्थ्य होकर क्वारंटाइन हैं। इधर युवक की चेन में शामिल सरकारी डॉक्टर की एनएमसीएच में भर्ती होने के बाद पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मुंगेर में कोरोना का हॉट स्पॉट बनकर उभरा
मुंगेर कोरोना का हॉट स्पॉट बनकर उभरा है। यहां मिले सात नए मरीजों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पुरुषों की उम्र क्रमश: 10, 52, 70 और 36 साल है तो वहीं महिलाओं की उम्र क्रमश:18, 48 और 60 साल है। इनमें से छह मुंगेर जिले के जमालपुर के सदर बाजार के ही हैं तो वहीं एक बांका जिले का युवक है। बता दें गुरुवार को मुंगेर के चार नए मरीज पाए गए थे। इन मरीजों में तीन महिलाएं हैं, जिनकी उम्र क्रमश: 68, 61, 60 है तो वहीं 36 साल का एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
बांका में युवक की पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही मचा हड़कंप
वहीं बांका जिले के बेलहर प्रखंड के विशनपुर निवासी युवक का कोरोना पोजेटिव रिपोर्ट आते ही पूरे प्रखंड में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव को तीन किलोमीटर परिधि को सील किया जा रहा है। सिविल सर्जन ने बताया कि सील करने के बाद सैनिटाइज भी किया जाएगा। पीड़ित युवक महाराष्ट्र से पहुंचे कौशलपुर निवासी युवक के संपर्क में आया है। भागलपुर से आने के बाद उक्त युवक को गांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती किया गया था। सीएस ने बताया कि उक्त सेंटर में भर्ती सभी 8 लोगों की जांच कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।

You may have missed