February 15, 2026

बिहार में टूट जाएगी नीतीश-सुमो की जोड़ी, बनाए जा सकते हैं दो डिप्टी सीएम ?

पटना। बिहार में नीतीश कुमार को अगला मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद सभी की नजरें राज्य के अगले डिप्टी सीएम पद पर लग गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चहेते भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के इस बार डिप्टी सीएम की कुर्सी मिलने को लेकर संशय बरकरार है। कयास लगाया जा रहा है कि इस बार नीतीश-सुमो की जोड़ी टूट जाएगी। सुशील मोदी के हालिया ट्वीट के बाद इस बाते की अटकलें और तेज हो गई है कि बिहार को इस बार नया डिप्टी सीएम मिलने जा रहा है। उधर, सूत्रों की मानें तो बिहार में इस बार दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। इस रेस में सबसे आगे भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए तारकिशोर प्रसाद और उपनेता रेणु देवी आगे चल रही हैं।
कटिहार सीट से जीत दर्ज करके विधायक बने तारकिशोर प्रसाद ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे मैं अपनी क्षमता के अनुसार पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा। हालांकि राज्य के डिप्टी सीएम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में मैं कोई कमेंट नहीं करना चाहता हूं।
वहीं एक निजी चैनल से बातचीत में बीजेपी विधानमंडल की नई उपनेता चुनी गई रेणु देवी ने कहा कि पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी तरह से निभाएंगी। उन्होंने कहा, पार्टी ने एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम काम करते रहेंगे। कार्यकर्ता का काम जनता की सेवा करना होता है।
सुशील मोदी के ट्वीट के क्या मायने?
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के ट्वीट के बाद यह अटकलें लगनी शुरू हो गईं कि वे अगले डिप्टी सीएम नहीं होंगे। सुशील मोदी ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि उन्हें बीजेपी और संघ परिवार से बहुत कुछ मिला है और एक कार्यकर्ता का पद उनसे कोई छीन नहीं सकता। सुशील मोदी ने ट्वीट किया, ”भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया कि शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो जिम्मेवारी मिलेगी, उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।” इससे पहले एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा कि तारकिशोर जी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिश: बधाई।

You may have missed