February 11, 2026

बिहार में कोरोना मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 2101, नए केस मिले 114, 1184 प्रवासी पॉजिटिव

पटना। बिहार में कोरोना के नए मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। बिहार में गुरूवार को कोरोना संक्रमितों का सभी रिकार्ड टूट गया था। पिछले 36 घंटे में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा तीन सौ से पार कर गया था। बुधवार को दोपहर तक स्वास्थ्य विभाग ने 60 नए कोरोना पॉजिटिव की जानकारी दी थी। जबकि गुरुवार को पिछले 24 घंटे में कुल 293 कोरोना पॉजिटिव मरीज चिन्हित किये गए थे। वहीं शुक्रवार की सुबह से अब तक 114 नए मरीज मिल चुके हैं, जिसके बाद बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 2101 हो गई है। बीते 24 घंटे में 224 नए मामले सामने आए हैं।
वहीं पिछले 24 घंट में 36 संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं। अब तक 629 मरीजों ने कोरोना को हराया है। स्वास्थ्य विभाग ने ताजा जानकारी दी है कि अब तक राज्य में लौटे सात लाख प्रवासियों में से 12 हजार प्रवासियों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें से 1184 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से सर्वाधिक पॉजिटिव केस दिल्ली से लौटे प्रवासियों के हैं। दिल्ली से लौटे 333 प्रवासी पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र से 293, गुजरात से 212, हरियाणा से आए 80, पश्चिम बंगाल से लौटे 62 लोगों के सैंपल्स पॉजिटिव मिले हैं।
बता दें कोरोना से अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। पहली मौत मुंगेर के एक युवक की पटना एम्स में हुई थी। उसके बाद वैशाली के एक युवक की मौत हुई। फिर मोतिहारी, सासाराम, पटना, खगड़िया के दो मरीजों की मौत हो गई और फिर वैशाली की ही एक महिला की भी मौत हुई और फिर वैशाली के ही एक क्वारेंटाइन सेंटर में एक मजदूर ने खुदकुशी कर ली। मौत के बाद उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी।

You may have missed