बिहार में कोरोना ने तेजी से पसारा पांव, शुक्रवार को आए 53 नए केस, मरीजों की संख्या हुई 223

पटना (संतोष कुमार)। बिहार में करोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, जो अब राज्य सरकार के साथ ही बिहारवासियों के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है।
बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति ने अपने मेडिकल बुलेटिन में बताया है कि बिहार में कोरोना के 9 और नए मामले मिले हैं। इसी के साथ बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 223 पहुंच गई है। पल-पल बदलते आंकड़े से बिहारवासी दहशत में आ गए हैं।
इससे पहले आई जांच रिपोर्ट में 17 नए मामले सामने आए थे। जिसमें बक्सर के 10, मधेपुरा के एक, मुंगेर के एक, सारण के एक, पटना के दो और औरंगाबाद के दो मरीज कोरोना संक्रमित मिले थे, जिसके बाद यह संख्या बढ़कर 214 हो गई। वहीं समय गुजरने के साथ 9 और नए मामले सामने आए। यह सभी मामले कोरोना के हॉटस्पॉट बने मुंगेर के जमालपुर सदर बाजार के हैं। बता दे आज अब तक 53 कोरोना पॉजिटिव के मामले आए हैं, जो संभवतः बिहार में पहली बार कोरोनावायरस टिप के मामले में बड़ी छलांग हैं। आज जो मामले आए हैं उसमें राजधानी पटना का हृदय स्थली कहे जाने वाले डाक बंगला से भी एक मामला आया है।
शुक्रवार को जारी किए गए क्रमवार मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार की शुरुआत सबसे पहले 7 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हुई, जिनमें छह मुंगेर के और एक बांका का है। मुंगेर में 3 महिला और तीन पुरुष पॉजिटिव मिले हैं तो वहीं बांका में भी एक युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गई है। जिसके बाद बिहार में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 177 हो गई।
उसके बाद 5 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए, इस तरह मरीजों की संख्या 182 पहुंची। जिसमें एक अस्थावां नालंदा का युवक है और दो महिलाएं बिहारशरीफ नालंदा की हैं औऱ दो महिलाएं बक्सर के नया भोजपुर की हैं।
उसके बाद मुंगेर में एक साथ 15 मरीज मिले। जिससे मरीजों की संख्या 182 से बढ़कर 197 हो गई। यह नए कोरोना मरीज मुंगेर में मिले, जिनमें पांच पुरुष और दस महिलाएं शामिल हैं। ये सभी जमालपुर के सदर बाजार के हैं।
फिर शुक्रवार शाम में एक साथ 17 नए मामले सामने आए। जिससे पूरे बिहार में हड़कंप मच गया। जिसमें 10 बक्सर के, एक मधेपुरा, एक मुंगेर, एक सारण, पटना के दो और दो औरंगाबाद के हैं। कुल संख्या 214 हो गई।
उसके बाद बिहार में कोरोना के एक साथ 9 नए मामले सामने आए हैं। सभी मुंगेर के जमालपुर के सदर बाजार के हैं। इस तरह बिहार में अब कोरोना मरीजों की कुल संख्या 214 से बढ़कर 223 हो गयी है।
