बिहार में कुछ ऐसा रहा भारत बंद का नजारा, मांझी-पप्पू उतरे सड़क पर
पटना। सुप्रीम कोर्ट के द्वारा प्रमोशन में एससी-एसटी ओबीसी आरक्षण को समाप्त करने के फैसले के विरोध में भीम आर्मी की ओर से रविवार को बुलाए गए भारत बंद का बिहार में मिला-जुला असर दिखा। बिहार के कई जिलों में बंद का असर नहीं के बराबर रहा। इस दौरान कई जिलों में बंद समर्थकों ने ट्रेनों के परिचालन को बाधित किया। भारत बंद को लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड में रही। एक तरफ भारत बंद तो दूसरी तरफ तेजस्वी की जनसभा को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुबह से ही पटना के मुख्य चौराहों और प्रमुख जगहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था।
राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा पर भीम आर्मी समेत अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता जुटे। हम प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी दोपहर में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। खुद जीतनराम मांझी कार्यकर्ताओं से जाम कराने सड़क पर उतरे थे। जबकि जाप के कार्यकर्ताओं ने पटना में सिटी बस में तोड़फोड़ की और ट्रैफिक को बाधित किया। बता दें बंद को बिहार में महागठबंधन की ओर से समर्थन दिया गया था। महागठबंधन में शामिल राजद, राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा व विकासशील इंसान पार्टी की ओर से पूरा समर्थन दिखा। इसके अलावा जाप की ओर से पप्पू यादव ने भी भारत बंद का समर्थन किया। बंद समर्थकों ने पटना के डाकबंगला चौराहे को काफी देर तक जाम रखा। यहां पर मांझी के अलावा भीम आर्मी के अमर आजाद समेत अनेक लोग मौजूद रहे और बिहार एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बंद समर्थकों ने दरभंगा में पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। लहेरिया सराय स्टेशन पर पहुंचे बंद समर्थक अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाये। दूसरी ओर पटना के बाढ़ स्टेशन पर हावड़ा-राजगीर एवं मालगाड़ी ट्रेनों को रोक कर बंद समर्थकों ने विरोध जताया। आरा में भी ट्रेनों को रोका गया। उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में भी सीएए व एनआरसी के विरोध में भीम आर्मी के सदस्यों ने रहुई-बिहारशरीफ रोड को जाम कर दिया। सिवान के सराय मोड़ पर मार्ग को भीम आर्मी ने बाधित किया। जहानाबाद के निकट अरवल में बंद के समर्थन में भीम आर्मी के समर्थकों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। वहीं सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक के पास बंद समर्थकों ने सड़क जाम किया। नवादा जिले के पकरीबरावां में बंद समर्थक सड़क पर उतर वारिसलीगंज मोड़ को जाम किया। आरा रेलवे स्टेशन पर लोकमान्य तिलक-पटना एक्सप्रेस ट्रेन को रोक बंद समर्थकों ने हंगामा किया।
मधुबनी में भारत बंद का कोई असर नहीं दिखा, लेकिन बंद समर्थकों ने सड़क पर मार्च निकाला। वहीं सीतामढ़ी में दोपहर में भारत बंद का असर देखने को मिला। शहर के कारगिल चौक पर समर्थकों के जत्थे ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम रहा और दुकानें बंद रहीं। मोतिहारी में भी अरेराज चौक पर बेतिया जानेवाली सड़क पर आगजनी कर बंद समर्थकों ने आवागमन को ठप करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। लखीसराय में बंद समर्थक सड़क पर उतरे। वहीं बेगूसराय में बंद समर्थकों ने पावर हाउस चौक के नजदीक एनएच पर आवागमन ठप कर दिया। जिससे एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। आरा में बंद समर्थकों ने दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन को रोका और राजमार्ग को भी जाम किया।


