बिहार में अगले महीने से शुरू हो जाएगी 34,916 शिक्षकों की बहाली
पटना। राज्य के विभिन्न पंचायतों में अपग्रेड किए गए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में करीब 34 हजार 916 शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया अगले माह में प्रारंभ हो जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। नियुक्ति प्रक्रिया का शिड्यूल तय करने में विभाग जुट गया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन के मुताबिक विभिन्न पंचायतों में अपग्रेड किए गए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए 33 हजार 916 पद सृजित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उच्च माध्यमिक विद्यालयों में एक हजार कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। नियोजन इकाइयों के माध्यम से शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दी गई है।
शिक्षा विभाग के एक आला अधिकारी ने बताया कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद 33 हजार 916 नए शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया को लेकर शिड्यूल तय किया जा रहा है। नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लागू होने से पहले 2950 अपग्रेड माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित कर लेने का फैसला लिया गया है। माध्यमिक शिक्षकों की यह बहाली पहले से हो रही शिक्षकों की नियुक्ति के अतिरिक्त होगी। हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, भूगोल, संस्कृत और अर्थशास्त्र आदि विषयों में योग्य शिक्षकों की बहाली होगी।


