September 18, 2025

बिहार : मुंबई से आए दो लोगों के बारे में सूचना देना बना काल

सीतामढ़ी। कोरोना वायरस के खतरे के बीच मुंबई से आए दो लोगों के बारे में सूचना देना एक युवक के लिए काल साबित हुआ। लॉकडाउन के बीच युवक की हत्या कर दी गई। इस युवक का गुनाह बस यह था कि उसने जागरूकता का परिचय देते हुए हेल्पलाइन को उन दोनों के घर लौटने के बारे में सूचना दी थी। हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के सीतामढ़ी जिले के मधौल गांव में रविवार रात 25 साल के बबलू कुमार को आरोपितों ने पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। सोमवार को दर्ज प्राथमिकी में मृतक के भाई गुड्डू कुमार सिंह के इस इल्जाम के बाद पुलिस ने दो आरोपितों मुन्ना महतो व सुधीर महतो को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इसी गांव के मुन्ना महतो व सुधीर महतो के अलावा ठागा महतो, विलास कुमार, दीपक महतो व मदन महतो नामजद किए गए हैं। अन्य चारों फरार हैं। पुलिस के अनुसार, मुन्ना व सुधीर महतो 24 मार्च को मुंबई से आए थे। बबलू ने हेल्पलाइन पर फोन कर उनके लौटने की सूचना दी। चिकित्सक को बुलाकर दोनों की जरूरी स्क्रीनिंग कराई। बस यहीं बात आरोपितों को नागवार गुजरी। आरोपितों ने रविवार शाम करीब 6:30 बजे बबलू को अकेला पाकर हमला बोल दिया। भाई की पिटाई करने की सूचना पर गुड्डू दौड़ा। वह मरणासन्न पड़ा था। रुन्नीसैदपुर अस्पताल में इलाज के लिए लेकर जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद गुड्डू ने अपने भाई को इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर ले गया। मगर वह जीवित नहीं था।

You may have missed