बिहार बॉय सुशांत के घर पहुंचे फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर, परिजन से मिलकर हुए भावुक

पटना। बिहार बॉय और बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके घर अभिनेताओं और नेताओं का आना लगातार जारी है। फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर रविवार को सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंचे। परिजन से मिलकर नाना पाटेकर भावुक हो गए। उन्होंने सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह को सांत्वना दी और उन्हें संयम रखने को कहा। नाना ने कहा कि सुशांत एक नेक दिल इंसान थे। उन्हें जरूर इंसाफ मिलेगा। सुशांत की मौत से पूरा देश दुखी है।
दरअसल, नाना पाटेकर दो दिन के बिहार दौरे पर हैं। वे एक एनजीओ के कार्यक्रम में शनिवार को मोकामा गए थे। जहां उन्होंने जवानों की हौसला अफजाई की और हल भी चलाया। इसके बाद वे आज पटना पहुंचे, जहां राजीव नगर स्थित सुशांत के घर जाकर उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और परिवार को हिम्मत बंधाई। पिछले दिनों उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, खेसारी लाल यादव, पवन सिंह भी सुशांत के घर पहुंच परिजन से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी।
बता दें 14 जून को सुशांत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। शनिवार को तेरहवीं थी, जो पटना स्थित उनके आवास से संपन्न हुई। सुशांत के खुदकुशी की जांच मुंबई पुलिस कर रही है।
