बिहार : बाढ़ से निबटने के लिए जिलों में एनडीआरएफ की 16 टीमें तैनात

पटना। बाढ़ से निबटने के लिए 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ बिहटा, पटना की 16 टीमों को बिहार के अलग-अलग जिलों में तैनात किया गया है। ये टीमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, कटिहार, अररिया, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी तथा सारण जिलों में तैनात किया गया है।
कमाडेंट विजय सिन्हा ने बताया कि बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की मांग पर उक्त जिलों में एनडीआरएफ की 16 टीमें तैनात किया गया है। गोपालगंज में तीन टीमें, बेतिया, मोतिहारी, सारण में दो-दो टीमें तथा अन्य जिलों में एक-एक टीम तैनात की गयी है। सभी टीमें अत्याधुनिक बाढ़ बचाव उपकरण, कटिंग टूल्स और उपकरण, संचार उपकरण, मेडिकल फर्स्ट रेस्पांडर किट, डीप डाइविंग सेट, इनफ्लैटेबल लाइटिंग टावर आदि से लैस है। टीमों में कुशल गोताखोर, तैराक और मेडिकल स्टाफ मौजूद हैं, जो कि बाढ़ की आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्य में लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने में सक्षम एवं तत्पर हैं। कमांडेंट सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष बाढ़ राहत-बचाव आॅपेरशन के दौरान एनडीआरएफ के हमारे बचावकर्मी कोरोना संक्रमण से बचाव के सुरक्षात्मक दिशानिर्देश और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कर रहे हैं। कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए एनडीआरएफ के कार्मिकों को पीपीई, मास्क, फेस शील्ड, फैब्रिकेटेड फेस हुड कवर, सेनेटाइजर, हैंड वाश, सोडियम हाइपोक्लोराइट आदि दिया गया है। एनडीआरएफ के प्रभारी अधिकारी और टीम कमांडर्स तैनाती वाले जिलों में जिला प्रशासन से कुशल समन्वय व तालमेल स्थापित कर बाढ़ प्रभावित इलाके में निरतर रेकी कर रहे हैं, ताकि आवश्यकतानुसार जरूरतमंद लोगों को तुरंत मदद पहुंचाया जा सके।

You may have missed