बिहार फर्स्ट बिहारी फस्ट यात्रा में बोले चिराग: बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य में व्यापक सुधार की जरूरत
जमुई। बिहार के जमुई के द्वारिका विवाह भवन में बिहार फर्स्ट बिहारी फस्ट यात्रा को संबोधित करते हुए लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई के सांसद चिराग पासवान ने कहा कि हमें सिर्फ विकास से संतोष नहीं है, उन्हें विकसित बिहार चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार को देश का नंबर वन राज्य बनाना यात्रा का लक्ष्य है। इस दौरान उन्होंने कई सवाल भी खड़े किए और कहा कि आजादी के बाद संसाधन और सामर्थ के बावजूद बिहार के पिछड़ेपन की वजह तलाशने बिहार की यात्रा पर निकले हैं। इस दौरान उन्होंने 14 अप्रैल को गांधी मैदान आने का आमंत्रण दिया और कहा कि वहीं से लोजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य में व्यापक सुधार की जरूरत है। विभिन्न महकमे में कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं। महिला उत्पीड़न के मामले को दर्ज कराने के लिए जिला मुख्यालय आना पड़ता है। इन तमाम सवालों को उठाते हुए चिराग ने यात्रा को दबाव की राजनीति से जोड़ने के सवाल को भी खारिज किया और कहा कि सरकार के ईमानदार सहयोगी होने के नाते उन तक सुझाव पहुंचाना उनकी जवाबदेही है, लिहाजा वे सुझाव इकठ्ठा करने निकले हैं।
इस दौरान चिराग पासवान ने हड़ताली शिक्षकों की मांगों को जायज ठहराते हुए कहा कि एक ही विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षकों के साथ दोहरा मापदंड उचित नहीं है। पार्टी में टिकट वितरण के लिए महत्वपूर्ण मापदंडों को लागू किए जाने की बात को यहां एक बार फिर दोहराया। कहा कि इस बार आशीर्वाद प्राप्त नेताओं को टिकट नहीं दिया जाएगा। इसके लिए 25 हजार सक्रिय सदस्य, बूथ कमेटी तथा विधानसभा क्षेत्रवार घोषणा पत्र तैयार करना होगा। लोजपा अध्यक्ष ने 14 अप्रैल को गांधी मैदान आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि वहीं से लोजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रमंडलीय प्रभारी हुलास पांडेय, जिला प्रभारी संजय सिंह, जिलाध्यक्ष रुबेन कुमार सिंह, जीवन सिंह, सुभाष पासवान एवं रविशंकर पासवान सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।


