बिहार पुलिस ने EX MLA अरुण यादव की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव ईडी को भेजा

पटना। बिहार के भोजपुर जिले के संदेश के पूर्व विधायक अरुण यादव पर ईडी का शिकंजा किसी भी वक्त कस सकता है। अरुण यादव पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। उक्त दुष्कर्म कांड के बाद राजनीति हलकों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर खूब चला था। उसी वक्त से अरुण यादव फरार हैं। फरारी के दौरान ही भोजपुर पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई की थी। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद अरुण यादव अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। बताया जाता है कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। कई वर्ष पूर्व अरुण यादव को एसटीएफ ने बिहटा व कोइलवर के बीच गिरफ्तार किया था। उस वक्त अरुण पर 25 हजार का इनाम घोषित था। लेकिन अब बिहार पुलिस ने पूर्व विधायक अरुण यादव की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भेजा है। सूत्रों के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जल्द पूर्व विधायक के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। अनमें अधितर जमीन भोजपुर जिले के अगियांव प्रखंड में है। जबकि पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी में भी एक मकान है।
4.53 करोड़ की संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव
प्रिवेंशन आफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत अरुण यादव की 4.53 करोड़ की संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव ईडी को भेजा गया है। इसमें जमीन-मकान से जुड़ी 34 अलग-अलग संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा एक बैंक खाता को भी फ्रीज किया गया है, जिसमें करीब 5.5 लाख रुपए जमा हैं। कागज पर इन संपत्तियों की जितनी कीमत दर्शायी गई है, वास्तव में इनका बाजार मूल्य इससे कहीं ज्यादा है।
पत्नी हैं राजद विधायक
दुष्कर्म के आरोपित पूर्व विधायक अरुण यादव को बीते विधानसभा चुनाव में राजद ने टिकट नहीं दिया था। तो अरुण यादव की जगह पत्नी किरण देवी को राजद ने उसी संदेश विधानसभा से उम्मीदवार बनाया था और किरण देवी चुनाव जीतकर विधायक बनीं।
