बिहार: घर में लगी आग में जिंदा जल गयी दो मासूम बहनें, मचा कोहराम

सुपौल। बिहार के सुपौल में शुक्रवार को बड़ी घटना घटी है। दो सगी बहनों की जलने से मौत हो गई है। मामला सदर थाना की घूरन पंचायत का है। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग पहुंंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतकों में एक की उम्र तीन साल तथा दूसरी की दो साल बताया जात है। अगलगी की इस घटना से गांव में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल जिला के सदर थाना अंतर्गत घूरन पंचायत के निर्मली टोला स्थित उपेंद्र ऋषिदेव के घर में भयंकर आग लग गई। आग देखते-देखते विकराल रूप से ली। लोग कुछ कर पाते आग के तेज लपटों ने दोनों बहन को अपने आगोश में ले लिया, जिससे दोनों की जलने से मौत हो गई। मृत दोनो बच्चियों के पिता उपेंद्र ऋषिदेव ने बताया कि वह ट्रैक्टर चालक है। घर पर पत्नी और बच्चे थे। पत्नी भी खाना बनाने के बाद किसी काम से घर से बाहर गई थी। तीन वर्षीया पुत्री लता कुमारी व दो वर्षीया पुत्री शीशम कुमारी घर में ही खेल रही थी। इसी दौरान घर के दरवाजे में अचानक आग लग गई। आग से बचने के के लिए बड़ी बहन छोटी बहन को पकड़ घर में चौकी के नीचे छिप गई। जब तक लोग दौड़ते तब तक सब कुछ स्वाहा हो गया था। आग कैसे लगी, यह पता नहीं चल पाया है।
