बिहार के मिथिला पेंटिंग वाली डिजाइनर मास्क अब दिखेगा बॉलीवुड में

पटना। लॉकडाउन में विभिन्न प्रांतों से आए कामगारों को पुन: शहरों में लौटने में देरी हुई तो गांव में ही काम खोज लिया है। इसकी शुरूआत दिल्ली के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी ने की है। उन्होंने हुनरमंद महिलाओं को मास्क बनाने का काम सौंपा है। मनीष के रूचि दिखाने के बाद बॉलीवुड से जुड़े हस्तियों ने भी बिहार में तैयार हो रहे मास्क में रूचि दिखाई है। ऐसे में बिहार के मिथिला क्षेत्र (मधुबनी और दरभंगा) में बने मिथिला पेंटिंग वाले डिजाइनर मास्क अब जल्द ही बॉलीवुड में धमाल मचाएगा।

कोरोना की वजह से रोजी-रोटी को लेकर दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी की पहल से बिहार के गांव की आधी आबादी के चेहरे पर मुस्कराहट लौट आई है। यहां की महिलाएं पहले से ही कारीगरी में हुुनरमंद है क्योंकि यहां की बनी मिथिला पेंटिंग विदेशों तक अपनी शोभा बढ़ा रही है। मास्क को लेकर जब मनीष त्रिपाठी ने आईडिया दिया तो उत्पाद में जान भरने लगी। महिलाएं रोजाना करीब 320 मास्क बना रही हैं। फैशन के दौर में कोरोना कवच वाला ये डिजाइनर मास्क बिहार, उत्तरप्रदेश, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, मुंबई समेत देश के कोने-कोने में पहुंचाने की तैयारी है। साथ ही बॉलीवुड से भी अब तक मिथिला पेंटिंग्स वाले मास्क के कई आॅर्डर्स मिल चुके हैं।
इस काम को लेकर मनीष त्रिपाठी का कहना है कि हमारा उद्देश्य बिहार के कला व शिल्प को बढ़ावा देना व ग्रामीण महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करना है। अभी महिलाएं मिथिला पेंटिंग वाली करीब 10,000 मास्क तैयार कर चुकी हैं। हमारा लक्ष्य इसको बढाकर 15 से 20 हजार प्रति महीना करना है। साथ ही साथ हमारा लक्ष्य रखा गया है कि अक्टूबर 2020 तक 50000 महिलाओं को रोजगार मिल सके। मधुबनी पेंटिंग के अलावा भागलपुरी सिल्क के भी डिजाइनर मास्क महिलाओं के द्वारा बनाये जा रहे हैं।