February 11, 2026

बिहार के मधुबनी में चार बच्चियों की पानी में डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिला से मर्माहत करने वाली तस्वीर सामने आयी है। बेनीपट्टी में चार बच्चियों की पानी में डूबकर मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया है। घटना बुधवार दोपहर बेनीपट्टी प्रखंड की विशनपुर पंचायत के भंगीडीह गांव में घटी है। सभी की पहचान कर ली गई है। इनमें दो सहोदर बहनें भी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि चारों बच्चियां मिट्टी का चूल्हा बनाने के लिए एक साथ गई थीं। गांव में ही एक व्यक्ति के निजी जमीन में जेसीबी से खोदकर बनाए गए गड्डे से मिट्टी लाने गई थी। मिट्टी खोदने के क्रम में सुजीता कुमारी का पैर फिसल कर गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगी। उसे बचाने के क्रम में एक-एक कर चारों गहरे पानी में चली गई और सभी डूब गए। किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली। जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उनकी खोजबीन शुरू हुई। ग्रामीण उस पोखर में पहुंचे जहां हादसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल गया। मृत बच्चियों की पहचान उमेश दास की जुड़वां बेटी 15 वर्षीय सुजीता कमारी व ज्योति कुमारी, दिनेश दास की 14 वर्षीय बेटी राखी कुमारी एवं भोला पासवान की 13 वर्षीय कल्पना कुमारी के रूप में की गई है। सभी को बेनीपट्टी पीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजा जा रहा है। एसडीएम मुकेश रंजन ने घटना पर दु:ख जताते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को आपदा की राशि दी जाएगी।

You may have missed