बिहार का रिकवरी रेट 66.11%, अब तक 21 लाख 23 हजार 217 राशन कार्ड वितरित
पटना। वीडियो कॉंन्फ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार के सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह और अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर आॅन डिमांड टेस्टिंग की सुविधा इस सप्ताह के अंत तक सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी प्रारंभ कर दी जाएगी। इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 21 लाख 23 हजार 217 राशन कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इस प्रकार करीब 91 प्रतिशत राशन कार्डों का वितरण किया जा चुका है। वहीं लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 5 लाख 55 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत 11 करोड़ 42 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
बिहार का रिकवरी रेट 66.11 प्रतिशत
स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार में कोरोना से पिछले 24 घंटे में 1,135 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक 19,876 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं और इस प्रकार बिहार का रिकवरी रेट 66.11 प्रतिशत है। 21 जुलाई से अब तक कोविड-19 के 730 मामले प्रतिवेदित हुए हैं, जबकि 20 जुलाई एवं पूर्व के 772 कोरोना संक्रमण के नये मामले भी सामने आये हैं। वर्तमान में कोविड-19 के 9,981 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 10,015 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 4,09,088 है। सचिव ने बताया कि सभी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के लिए नियंत्रण कक्ष फंक्शनल हो गये हैं ताकि नियंत्रण कक्ष के माध्यम से मरीजों की समस्याओं का निदान हो सके।
988 वाहन किये गये जब्त
अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 07 कांड दर्ज किये गये हंै और 05 व्यक्तियों की गिरफ्तारी भी हुई है। इस दौरान 988 वाहन जब्त किये गये हैं और 27 लाख 21 हजार 800 रुपए की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। इस प्रकार 1 जुलाई से अब तक 27 कांड दर्ज किये गये हैं और 22 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 17,093 वाहन जब्त किए गए हैं और 04 करोड़ 09 लाख 59 हजार रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 7,188 व्यक्तियों से 03 लाख 59 हजार 400 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 05 जुलाई से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 79,485 व्यक्तियों से 39 लाख 68 हजार 380 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गयी है।


