बिहार का रिकवरी दर काफी अच्छी स्थिति में, घबराएं नहीं; 653 कंटेनमेंट जोन शहरी क्षेत्रों में

पटना। वीडियो कॉंन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाददाता सम्मेलन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह और अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।
सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि पूरे बिहार में कल से सभी अनुमंडलों में एंटीजन टेस्टिंग की सुविधा प्रारंभ हो जाएगी। सभी महत्वपूर्ण अस्पतालों में सहयोग के लिए एडमिनिस्ट्रेटिव टीम तैनात कर दी गयी है। यह मल्टी डिसिप्लीनरी टीम है, जिसमें प्रशासन और हॉस्पिटल के लोग हैं। इससे चिकित्सकों को सहयोग मिलेगा एवं अस्पतालों का प्रबंधन और अधिक बेहतर होगा। साथ ही लोगों की शिकायतों का भी तत्काल निवारण होगा। इस सप्ताह के अंत तक सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एंटीजन टेस्टिंग की सुविधा प्रारंभ कराने का लक्ष्य है ताकि कोई भी सिम्टोमैटिक व्यक्ति बिना किसी समस्या के अपनी इच्छानुसार नि:शुल्क जांच करा सके। उन्होंने बताया कि बिहार का रिकवरी दर काफी अच्छी स्थिति में है इसलिए लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार द्वारा आवश्यकतानुसार सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। श्री कुमार ने बताया कि गैर राशन कार्डधारी सुयोग्य परिवारों के लिए 23 लाख 38 हजार 990 नये राशन कार्ड बने हैं। इनमें से अब तक 19 लाख 84 हजार 350 राशन कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इस प्रकार करीब 85 प्रतिशत राशन कार्डों का वितरण किया जा चुका है। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में राशन कार्ड का वितरण पूर्ण हो जाएगा। वहीं लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 5 लाख 57 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत 11 करोड़ 23 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
24 घंटे में 10,118 सैंपल्स की जांच
स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना से पिछले 24 घंटे में 938 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक 17,535 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं और इस प्रकार बिहार का रिकवरी रेट 63.87 प्रतिशत है। 19 जुलाई से अब तक कोविड-19 के 349 मामले प्रतिवेदित हुए हैं, जबकि 18 जुलाई एवं पूर्व के 727 कोरोना संक्रमण के नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 9,732 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 10,118 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 3,88,626 है। सचिव ने बताया कि राज्य के 27 जिलों के अनुमंडल अस्पताल तक एंटीजन टेस्टिंग की सुविधा प्रारंभ कर दी गयी है और कल सुबह तक शेष 11 जिलों के अनुमंडल अस्पतालों में एंटीजन टेस्टिंग की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। बिहार में अभी 2,584 एक्टिव कन्टेनमेंट जोन हैं, इनमें 1,931 कन्टेनमेंट जोन ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, जबकि 653 कन्टेनमेंट जोन शहरी क्षेत्रों में हैं।
24 घंटे में 875 वाहन जब्त
अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 875 वाहन जब्त किये गये हैं और 14 लाख 62 हजार रुपए की राशि जुर्माने के रुप में वसूली गई है। इस दौरान कोई कांड दर्ज नही किया गया है और न किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। वहीं कुल 15,440 वाहन जब्त किए गए हैं और 03 करोड़ 65 लाख 32 हजार 965 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 5,223 व्यक्तियों से 02 लाख 61 हजार 150 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 05 जुलाई से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 65,971 व्यक्तियों से 32 लाख 92 हजार 950 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गयी है।

You may have missed