बिहार का मुंगेर बना कोरोना हॉट स्पॉट, एसपी ने कोरोना योद्धा का बढ़ाया मनोबल
मुंगेर। बिहार का मुंगेर जिला कोरोना का हॉट स्पॉट बन कर उभरा है। मुंगेर में अब तक कोरोना के 90 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें चुरंबा निवासी एक मरीज की मौत हो चुकी है। यहां सोमवार को 9 नये केस सामने आए हैं। जिससे जिले में पुलिस लॉक डाउन का सख्ती से पालन करा रही है। एसपी लिपि सिंह ने जमालपुर और ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्रों का दौरा किया। जमालपुर थाना अंतर्गत सदर बाजार क्षेत्र के कंटेनमेंट जोन का उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने सीलिंग एरिया, लॉक डाउन, पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। जमालपुर सदर बाजार में एसपी के नेतृत्व में जवानों ने पैदल फ्लैग मार्च भी किया। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई। सील एरिया में किसी को बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। कुछ लोगों को लौटाया भी गया तथा उन्हें कड़ी नसीहत दी गई। जमालपुर सदर बाजार में पदस्थापित पुलिस जवानों का उन्होंने मनोबल बढ़ाया और कहा कि विपदा की इस घड़ी में मजबूती और मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है। उन्होंने विभिन्न पुलिस पोस्टों का निरीक्षण किया।


तैनात पुलिस बल की हौसला अफजाई करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में फ्रंट लाइन पर पुलिस काम कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर पूरी तालमेल बिठाते हुए काम करने का उन्होंने निर्देश दिया। स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी सुरक्षा और सहयोग करने का भी उन्होंने जवानों को निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने जवानों को सुरक्षित रहने के टिप्स भी दिए और सैनिटाइजर, हैंडवाश का नियमित अंतराल पर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। एसपी ने क्वींस हॉस्टल में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर का भी जायजा लिया तथा वहां रखे गए लोगों के बारे में जानकारियां प्राप्त की। स्वास्थ्य कर्मियों से उन्होंने क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों के साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करने का अनुरोध किया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर कुमार, ईस्ट कॉलोनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष रंजन कुमार, संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, क्यूआरटी मेंबर विजेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

