बिहार कांग्रेस में उथल-पुथल : गोहिल ने भेजा इस्तीफा, मदन मोहन झा ने भी की इस्तीफे की पेशकश
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद उठ रहे सवाल के बाद कांग्रेस के बिहार चुनाव प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी इस्तीफे की पेशकश कर दी है। कांग्रेस आलाकमान ने मदन मोहन झा को दिल्ली तलब किया है।
बताते चलें बिहार चुनाव में 70 सीट पर चुनाव लड़कर मात्र 19 सीटों पर सिमटने वाली कांग्रेस में विद्रोह के स्वर नतीजे आने के बाद से ही मुखर होने लगे थे। कांग्रेस में विधायक दल की बैठक में यहां तक मारपीट की नौबत आ गई थी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं ने टिकट बंटवारे में लेन-देन और अन्य गड़बड़ियों के आरोप भी लगाए थे। मदन मोहन झा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में बेहतर परफॉर्मेंस नहीं होने पर उनकी गलती हो या नहीं हो, लेकिन वे प्रदेश में अध्यक्ष पद पर हैं तो उनकी सबसे अधिक जवाबदेहीहै। इस्तीफे के सवाल पर कहा कि हमने जवाबदेही तय करने के लिए आलाकमान को लिखा है। मीडिया में कुछ नहीं बता सकते।