बिहटा में अचेतावस्था में मिली घायल महिला, जानते हैं तो इन नंबरों पर करें सूचित
फुलवारी शरीफ। पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में एक अधेड़ उम्र की महिला घायल और अचेतावस्था में मिली है। उसके शरीर में चेहरे सहित अन्य जगहों पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे वह अपने साथ हुए घटना के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है। पुलिस को उनके परिवार को खबर करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। संपतचक के गोपालपुर थानेदार अलोक कुमार ने बताया कि बिहटा थाना से सूचना मिली थी कि एक महिला अचेतावस्था में मिली है, जो अपना नाम नीलम देवी और पति का नाम सुरेश, निवासी बैरिया बता रही है। हालांकि उसके द्वारा नाम व पता स्पष्ट नहीं लग रहे हैं। जब तक महिला को होश नहीं आ जाता, उसकी पहचान और उसके साथ हुई घटना की सही जानकारी मिल पाना मुश्किल है। बिहटा थाना क्षेत्र में मिली महिला की फोटो साइबर सेनानी ग्रुप गोपालपुर थाना में डाला गया है।
जानकारी के मुताबिक ये महिला पटना के बिहटा थानांतर्गत माधोपुर में अचेतावस्था में मिली है। किसी भी थाना में उक्त महिला से संबंधित कोई मिसिंग रिपोर्ट हो तो कृपया इन नम्बरों 094318 22137, 9431822154, 9334054882 पर सूचित करें। महिला बिहटा में ही अस्पताल में एडमिट है। पूछताछ में कभी वह अपना पता बैरिया बता रही है, तो कभी अपना नाम नीलम देवी, पति सुरेश बता रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की ऐसी हालत किसी दुर्घटना में हुई है या किसी ने उसके साथ मारपीट किया है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल चिकित्सक महिला का इलाज और उसके होश में लाने में लगे हैं। पूरी तरह होश में आने के बाद ही उससे पूछताछ हो सकती है।


