बाढ़ : 3.20 करोड़ की लागत से होगा उमानाथ मंदिर और परिसर का कायाकल्प, लोगों का प्रदर्शन
बाढ़। पटना जिला अंतर्गत बाढ़ के प्रसिद्ध गंगा किनारे स्थित उमानाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शनिवार को विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं को संबाधित करते हुए विधायक ने कहा कि 3 करोड़ 20 लाख की लागत से मंदिर और परिसर का कायाकल्प किया जायेगा। पर्यटन विभाग के द्वारा सारा कार्य पूरा होगा। अतिथिशाला से लेकर मंदिर की सीढ़ी और विवाह भवन का निर्माण कराया जाएगा, जो आगामी 18 महीने में पूरा होगा।


इस दौरान बाढ़ के सती स्थान के पास वर्षों से लगी जलजमाव के विरोध में लोगों ने नारेबाजी करते हुए जल्द जलजमाव से मुक्ति का उपाय करने के लिए प्रदर्शन किया। इस पर विधायक ने जल्द पूरा करने का भरोसा दिया। मौके पर मौजूद बाढ़ एसडीएम सुमित कुमार, कार्यपालक अधिकारी और बाढ़ थाना की पुलिस ने लोगों को समझाया, जब वे नहीं माने तो पुलिसिया कार्यवाही करते हुए सभी को खदेड़ दिया। बाद में प्रशासन ने जल निकासी का उपाय जल्द करने को नगर परिषद से करने को कहा।

