बाढ़ विधानसभा : जागरूकता अभियान के बहाने राजद नेत्री मधु सिंह का शक्ति प्रदर्शन, मानी जा रही टिकट की प्रबल दावेदार
बाढ़। बाढ़ विधानसभा से चुनावी अखाड़ा में उतरने के लिए राजद नेत्री मधु सिंह ने पूरी ताकत झोंक दी है। वैसे राजद नेत्री टिकट की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। शुक्रवार को राजद नेत्री मधु सिंह ने कोविड-19 जागरूकता अभियान के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया।
राजद नेत्री मधु सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने अपने पैतृक गांव रामनगर दियारा में कुल देवता की पूजा के साथ प्रारंभ किया। उनके बाद रामनगर दियारा से की गई अभियान की शुरूआत बिहारी बीघा पहुंचते-पहुंचते जनसैलाब में बदल गई। दर्जनों की संख्या में चार चक्का वाहन व मोटरसाइकिल पर सैंकड़ों लोग सवार थे। इस दौरान दर्जनों जगहों पर लोगों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और मधु सिंह जिंदाबाद, बाढ़ विधायक कैसा हो मधु सिंह जैसा हो के नारों से गूंज उठा।


कार्यक्रम स्थल बिहारी बीघा में लोगों को संबोधित करते हुए मधु सिंह ने कोरोना के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही सरकार पर आरोप लगाया कि इस कोरोना काल में चुनाव कराना लोगों के जान से खेलना है। उन्होंने कोरोना से लड़ने में बाढ़ विधानसभा के जनता के बीच की गई मदद को गिनाया। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उद्देश्य उनका जनसेवा है और उसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने यह अभियान चलाया है। अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि स्व. दादाजी पूर्व विधायक पप्पू बाबू के नक्शे कदम पर चल कर बाढ़ की किस्मत में विकास की एक नई इबारत लिख देंगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सदस्यता अभियान में उन्होंने 12000 प्राथमिक सदस्य बनाया और शायद बाढ़ विधानसभा में कोई अन्य नेता उसके आगे तक भी नहीं पहुंचा होगा।

इस दौरान हमारे संवाददाता से बातचीत में मधु सिंह ने कहा कि अगर इसी तरह लोगों का प्यार मिलता रहा तो मैं अवश्य बाढ़ विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करूंगी और सबसे पहले प्राथमिकता के तौर पर बाढ़ को जिला का दर्जा दिलाऊंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता चाह रही है कि मैं बाढ़ विधानसभा का प्रतिनिधित्व करूं और यहीं कारण है कि मैं आज जनता के दरबार में हाजिर हूं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने का भरसक प्रयास करूंगी।
बिहारी बीघा में आयोजित सभा की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक चंदेश्वर सिंह, मंच संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमंत कुमार, स्वागत भाषण वरिष्ठ राजद नेता सकलदेव राय और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजद नेता परमानंद पासवान ने दिया।

