बाढ़ : जदयू के सांसद और मंत्री के पहल पर डोर टू डोर सेनेटाइजिंग अभियान शुरू
बाढ़। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की हर संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से मुंगेर के सांसद ललन सिंह और बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार के पहलकदमी पर बाढ़ अनुमंडल में डोर टू डोर सेनेटाइजिंग अभियान की शुरूआत हुई। कोरोना से आम लोगों की जिंदगी महफूज रखने की कवायद के तहत हर घर को सेनेटाइज किया जा रहा है। मोकामा टाल क्षेत्र के घोसवरी प्रखंड में 40 वर्करों की टीम ने सेनेटाइज का श्रीगणेश किया। घोसवरी थाना परिसर, ग्रामीण इलाका, प्रखंड कार्यालय को प्रथम दिन सेनेटाइज किया गया। वहीं बाढ़, मोकामा, पंडारक व घोसवरी के तमाम दरवाजों तक यह टीम दस्तक देगी और सेनेटाइज करेगी। पंडारक में जदयू नेता मुकेश सिंह के देखरेख में पंचायतों को सेनेटाइज किया गया।
बाढ़ शहर भी हुआ सेनेटाइज


उधर, कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए वार्ड 19 के पार्षद राजीव कुमार चुन्ना के पहल पर बाढ़ नगर परिषद द्वारा सेनेटाइज वाहन के जरिए बाढ़ शहर को सेनेटाइज किया जा रहा है। बता दें बीते दिनों राजीव कुमार चुन्ना ने इस संबंध में बाढ़ नगर परिषद को पत्र लिखा था। जिसके बाद परिषद ने कदम उठाया।

