September 17, 2025

बाढ़ : क्वारेंटाइन केंद्र से 28 लोगों को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देकर भेजा गया घर

बाढ़। बाढ़ अनुमंडल स्थित अथमलगोला प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में कोरोना संदिग्धों को आईसोलेट करने के लिए बनाये गए 2 क्वारेंटाइन केंद्र से 28 लोगों को स्वास्थ्य जांच के उपरांत घर भेज दिया गया है। इन क्वारेंटाइन सेंटरों मेें ये सभी 14 दिनों से रह रहे थे। प्रखंड विकास पदाधिकारी रितिका सहाय ने बताया कि विभिन्न पंचायतों में बनाये गए 2 क्वारंटाइन सेंटरों से 28 लोगों को 14 दिनों के परीक्षण के उपरांत स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देकर घर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश संक्रमण काल के दौर से गुजर रहा है, जिससे बचाव हेतु लोगों को सोशल डिस्टेंस अपनाने की सख्त जरूरत है।

उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि दूसरे क्षेत्रों से गृहनगर लौटने वालों की गतिविधि पर निगाह रखें। उन्हें पंचायतों में बनाये गए क्वारंटाइन केंद्र में 14 दिनों तक एहतियातन रहने के लिए प्रेरित करें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन की भी मदद लें, तभी आपके साथ ही समाज भी सुरक्षित रह सकता है। इस मौके पर अंचलाधिकारी पंकज कुमार, प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पशुपति नाथ सिंह, कल्याणपुर पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार, जिला पार्षफ प्रतिनिधि उदय राय, सबनिमा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि योगी पाल सहित कई स्वास्थ्य कर्मी एवं प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

You may have missed