बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, अटेंडेंस रजिस्टर देखकर चौंक पड़े
बाढ़। बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक एसडीएम सुमित कुमार औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। बता दें काफी दिनों से अनुमंडलीय अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था के बारे में शिकायतें मिल रही थी। कुछ दिन पहले एक मरीज ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया था कि हैंड ग्लब्स के साथ-साथ अन्य चिकित्सीय सामग्री, जो सरकार की ओर से अस्पतालों को मुहैया करायी जाती है, ऐसे सामग्री को भी बाहर से ही खरीदकर लाने के लिए मरीजों को परिजनों को कहा जाता है।
मिल रहे शिकायतों के आलोक में प्रधान सचिव के आदेश पर बाढ़ अनुमंडल के एसडीएम सुमित कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्ष क्र क्रम में एसडीएम अस्पताल में सबसे पहले गंदगी और बेड पर गंदे चादर देख कर हत्थे से उखड़ गए। उसके बाद उन्होंने अटेंडेंस रजिस्टर देखा। अटेंडेंस रजिस्टर में देखकर चौंक पड़े। कई डॉक्टर और कर्मी गैरहाजिर पाए गए। एसडीएम ने गैरहाजिर रहने वाले कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कहते हुए अटेंडेंस काट दिया।
उसके बाद एसडीएम अस्पताल की व्यवस्था को देखा तो वहां भर्ती मरीजों के परिजनों ने एसडीएम के समक्ष शिकायतों की झड़ी लगा दी। कई महिला मरीजों ने अस्पताल की कुव्यवस्था को लेकर शिकायत किया। वहीं अन्य मरीजों ने गंदे चादर और खाना नहीं मिलने की बात कही। उसके बाद एसडीएम सुमित कुमार ने नई आउटसोर्सिंग एजेंसी को बहाल करने और सभी पर कार्यवाही की बात कही।


