बाढ़ : युवक 5 दिनों से लापता, अनहोनी की आशंका को ले सहमे परिजन, पुलिसिया छानबीन जारी
बाढ़। पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के गुलाबबाग मोहल्ले से दो बच्चे का पिता 25 वर्षीय नीतीश कुमार पिछले 5 दिनों से लापता है। सगे-संबंधियों के यहां खोजबीन के बाद जब लापता युवक का कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने बाढ़ थाने में गुमशुदगी से संबंधित लिखित शिकायत दर्ज करायी है। हालांकि परिजनों ने लापता युवक की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी या कोई लेन-देन से इनकार किया है। वहीं किसी अनहोनी की आशंका को लेकर स्वजन चिंतित हैं।
लापता नीतीश के छोटे भाई ने बताया कि नीतीश बाढ़ के काजीचक मुहल्ले में एक आरा मशीन पर काम करता था। बीते बुधवार को आरा मशीन बंद रहने के कारण वह काम पर नहीं गया था। लेकिन एक मित्र से मिलने डॉक्टर की क्लीनिक पर गया था और वहां से मिलकर आने के बाद कहां लापता हो गया है, अब तक कोई खोज खबर नहीं है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। भाई कहना है कि कुछ स्थानीय लोगों ने उसे ऑटो रिक्शा पर चढ़ते देखा है।
इधर, नीतीश के पिछले 5 दिनों से लापता होने के कारण परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर सहमे हैं। बीवी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मामला दर्ज होने के बाद बाढ़ थाना की पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।


