बजट पूर्व परिचर्चा : बिहटा में आईटी पार्क और डाकबंगला चौराहा के पास आईटी टॉवर के लिए जमीन चिन्ह्ति
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी ने पुराना सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बजट पूर्व परिचर्चा की दूसरी बैठक में सूचना प्राद्यौगिकी प्रक्षेत्र से जुड़े लोगों से विमर्श के बाद कहा कि भारत सरकार के सहयोग से 53 करोड़ की लागत से पाटलिपुत्रा स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क आफ इंडिया (एसटीपीआई) के विस्तार का कार्य शीघ्र ही आरंभ होने वाला है। इसके अलावा बिहटा में 58 एकड़ में आईटी पार्क और पटना के डाकबंगला चौराहा के पास आईटी टॉवर के लिए जमीन चिन्ह्ति कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दरभंगा और भागलपुर में दो-दो एकड़ में 10-10 हजार वर्गफीट में एसटीपीआई का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। बिहटा में नाइलेट के 15 एकड़ के परिसर में जहां प्रशिक्षण कार्य चल रहा है, वहीं नयी टेक्नोलॉजी के और भी कोर्सेस शुरू किये जायेंगे। इसके अलावा बक्सर और मुजफ्फरपुर में एक-एक एकड़ में एक हजार प्रक्षिणार्थियों की क्षमता का टेक्नोलॉजी व सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण के लिए नाइलेट केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। भविष्य की तकनीक को ध्यान में रख कर नाइलेट केंद्र को ही एडवांस ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पटना के बिस्कोमान टॉवर में भी सॉफ्टवेयर डेवलपर के लिए आफिस की जगह उपलब्ध है। परिचर्चा में आईआईटी, बीआईटी, एनआईटी व नाइलेट के अलावा सॉफ्टवेयर व हार्डवेयर, स्टार्टअप, कॉल सेंटर, स्किल डेवलपमेंट, कॉमन सर्विस सेंटर व टेली मेडिसीन आदि के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी के जरिए काम करने वाले करीब दो दर्जन से अधिक लोगों ने अपने सुझाव दिये। बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ और आईटी सचिव राहुल सिंह के अलावा अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।


