बच्चों को प्रशिक्षण देने के साथ उसकी मानिटरिंग भी की जाए : मंत्री श्याम रजक

फुलवारी शरीफ। उद्योग मंत्री श्याम रजक ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र फुलवारी शरीफ के रामपुर फरीदपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय में आगा खां फाउंडेशन द्वारा आयोजित विद्यालय स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम अंतर्गत जल एवं स्वच्छता पर किये गए कार्यों का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होनें स्वच्छता कार्यक्रम में अव्वल आये बच्चों को पुरस्कृत भी किया। श्री रजक नें कहा कि आगा खां फाउंडेशन हमेशा से सामाजिक व जन कल्याणकारी कार्यों में लगा रहता है। फाउंडेशन के बैनर तले हजारों स्कूलों में संचालित विद्यालय स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम भी एक महत्वकांक्षी व सराहनीय पहल है। जिसके जरिये विभिन्न प्रकार के टूलों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को स्कूली बच्चों व आम जनों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे बच्चों व समुदाय में स्वच्छता व्यवहार व साफ-सफाई की आदतों का विकास होगा एवं स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच में परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि विद्यालय में बच्चों को दिये जा रहे प्रशिक्षण के साथ-साथ उनकी मानिटरिंग भी की जाए, जिससे बच्चों में होने वाले सुधारों की जानकारी हो सके। मौके पर स्थानीय मुखिया नीरज कुमार, सहदेव यादव, मो. हकीम सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे।

You may have missed