February 11, 2026

फुलवारी : सोरमपुर में चाट में बसे महादलितों के घर पर चला बुलडोजर, सीओ ने जतायी अनभिज्ञता

फुलवारी शरीफ। फुलवारी के सोरमपुर पंचायत के सोरमपुर गांव में महादलित टोला पर जेसीबी चलाकर चाट में बसे कई घरों को तोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलोग इस इलाके में कई वर्षों से बसे हुए हैं। अभी लॉक डाउन का फायदा उठाकर प्रशासन बेदखल करने का काम कर रही है। इसकी जानकारी मिलते ही भाकपा माले की एक जांच टीम पहुंची, जिसमें भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरुदेव दास, साधु शरण प्रसाद, ललीन पासवान, देवी लाल पासवान आदि ने महादलितों की समस्याओं को सुना। माले नेताओं को सोरमपुर में चाट पर रहने वाले लक्ष्मन मांझी ने बताया कि जेसीबी चलाकर झोपड़ी वाला घर तोड़ दिया, जिसमें उनकी कमाई का चावल, गेहूं मिट्टी में जमींदोज कर दिया गया। वहीं डोमन मांझी, अमित मांझी, बुललु मांझी, अल्लु मांझी, सोनी देवी, राजकुमार मांझी सहित दर्जनों परिवारों के घरों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से गरीब परिवार बाल-बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गये हैं। माले नेताओ ने कहा कि सरकार की गरीब मजदूर विरोधी रवैया का भाकपा माले कड़ी निन्दा करती है। भाकपा माले ने मांग किया है कि सभी पीड़ित परिवार को राहत राशन सहित तिरपाल, बर्तन दिया जाये। सबसे पहले गरीबों को रहने के लिए जमिन उपलब्ध कराकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दे। वहीं इस मामले में फुलवारी सीओ कुंदन लाल ने कहा कि घर-मकान तोड़ने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है बल्कि सोरमपुर में नाला की उड़ाही की जा रही है।
भाकपा माले नेताओं ने कहा कि जल जीवन हरियाली के नाम पर प्रशासन सोरमपुर गांव में महादलित परिवार के घरों को तोड़ रही है। एक तरफ सरकार कहती है कि कोरोना से बचना है तो लॉक डाउन में घर के अंदर रहे और यहां घरों को तोड़ा जा रहा है तो गरीब परिवार कहा जायेंगे। अब बरसात आने वाले हैं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि सभी गरीबों को 3 डिसमिल जमीन देंगे तो जमीन तो नहीं मिला और गरीब परिवारों ने जो जिन्दगी के कमाई से घर बनाया, वह भी ध्वस्त कर दिया गया।

You may have missed