फतुहा में 25 वर्षीय ज्वेलर्स की गोली मार कर हत्या
फतुहा। पटना जिले में अपराधियों ने पटना पुलिस को चुनौती देते हुए ज्वेलर्स दुकानदार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। शुक्रवार को प्रखंड के उसफा गांव के टेम्पो स्टैंड के निकट बाइक सवार अपराधियों ने एक ज्वेलर्स दुकानदार को दिनदहाड़े तीन गोली मारकर हत्या कर दी तथा गौरीचक की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गौरीचक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। मृतक 25 वर्षीय रंजीत कुमार साव है, जो मूल रूप से नालंदा जिले के हरनौत का रहनेवाला है। मृतक इस गांव में किराए पर दुकान लेकर मां लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम की सर्राफा दुकान चलाता था। ग्रामीणों के मुताबिक बाइक पर तीन अपराधी सवार होकर आए। मृतक अपनी दुकान में ही बैठा था। अपराधियों ने उसकी दुकान के सामने आकर बाइक रोकी और एक अपराधी ने गोली चला दी। रंजीत अपनी जान बचाते हुए बगल की एक खैनी दुकान में घुस गया। लेकिन, अपराधियों ने उसे खींच कर बाहर निकाला और उसके सीने में तीन गोलियां मार दी। गोली लगते ही मृतक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गौरीचक पुलिस ने इस संबंध में मृतक के एक रिश्तेदार के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक के रिश्तेदार इसी गांव में रहते हैं। गौरीचक के थानाध्यक्ष तरुण कुमार ने बताया कि मामला आपसी लेन देन से जुड़ा है, जिसकी जांच की जा रही है।


