फतुहा में दिन भर की हलचल: स्कूलों में लागू हो नैतिक शिक्षा, घायल वृद्ध की मौत, श्रद्धालुओं ने लगायी गंगा में डुबकी
रेलवे ट्रैक के किनारे मिली घायल वृद्ध, पीएचसी में हुई मौत
फतुहा। शनिवार को रेलवे ट्रैक के किनारे मिली घायल वृद्ध महिला का इलाज के दौरान पीएचसी में मौत हो गई। वृद्ध महिला मोजीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में गिरी हुई मिली थी। ग्रामीणों ने उसे इलाज के लिए पीएचसी मे भर्ती करा दिया था। उसके इलाज में जुटे एक स्वास्थ्य कर्मी ने बताया कि वृद्ध महिला दम तोड़ने से पहले अपना नाम व पता बता दिया था। मौत के पहले उसके दिए गए बयान के आधार पर उसकी पहचान बेलदारी चक निवासी चन्द्र देव प्रसाद की 60 वर्षीय पत्नी शारदा देवी के रुप में हुई है। स्वास्थ्य कर्मी के अनुसार इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार उसके परिजनो को सूचित कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक उसके परिजन पीएचसी नही पहुंच पाए थे। आशंका जताई जाती है कि वृद्ध महिला किसी ट्रेन से गिरकर घायल हो गयी थी।

स्कूलों में लागू हो बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा: निहोरा यादव

फतुहा। शनिवार को आचार्य सुदर्शन स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने बेकार पड़े घरेलू सामानों से कई प्रकार के वैज्ञानिक उपकरणों का जीवंत प्रदर्शन कर लोगों को हतप्रभ कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जदयू के प्रदेश महासचिव निहोरा यादव ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सामाजिक विकास के लिए उनमें नैतिक ज्ञान का होना जरूरी है। नैतिक ज्ञान से ही हमारे नौनिहाल अच्छे डाक्टर, अभियंता व वैज्ञानिक बन सकते हंै। उन्होंने सभी स्कूलों में नैतिक शिक्षा दिए जाने की मांग की। इस मौके पर श्यामनन्दन यादव, विनोद माली के साथ-साथ स्कूल के निदेशक अजय कुमार आर्य व स्कूल के शिक्षक गण मौजूद थे।
100 लीटर देशी शराब के साथ दो स्कूटी व एक बाइक जब्त

फतुहा। शनिवार की शाम पुलिस ने थाना क्षेत्र के देवरसौकी भगवानपुर में शराब धंधेबाजों के खिलाफ सघन छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने पुनपुन नदी के तराई क्षेत्र में चल रहे शराब की कई भट्ठी को ध्वस्त किया। पुलिस ने मौके से गैलन में छिपाकर रखे गए 100 लीटर देशी शराब बरामद किया है। पुलिस को देखते ही धंधेबाज अपनी अपनी स्कूटी व बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दो स्कूटी व एक बाइक जब्त कर ली है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार जब्त वाहन के मालिक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कोचिंग के लिए घर से निकली छात्रा लापता, शिकायत दर्ज
फतुहा। रविवार को मछरियावां गांव से एक 17 वर्षीय छात्रा के लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ मे पीड़ित मां ने फिलवक्त थाने में अनहोनी की आशंका जताते हुए गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। बताया जाता है कि छात्रा पिछले चार दिन से लापता है। वह घर से फतुहा कोचिंग के लिए निकली थी लेकिन वह वापस अब तक अपने घर नहीं लौटी है। मां के अनुसार वह घर से निकलने के बाद कोचिंग भी नहीं पहुंची थी। वहीं पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच करने में जुटी है।
संत रविदास की निकाली गई झांकी

फतुहा। रविवार को संत रविदास की जयंती के अवसर पर मकसुदपुर के गांधी टोला से एक भव्य झांकी जुलूस के रुप में निकाली गई। यह झांकी की जुलूस रायपुरा, चौराहा होते हुए समसपुर गयी तथा उसी रास्ते से वापस गांधी टोला वापस हो गई। बैंड बाजे के बीच श्रद्धालु संत रविदास अमर रहे का नारा लगाते रहे। मौके पर राणा राजेंद्र पासवान, रंधीर कुमार, राकेश कुमार, माणिक चंद दास समेत सैकड़ो श्रद्धालु मौजूद थे।
माघी पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगायी आस्था की डुबकी
फतुहा। रविवार को माघी पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। लोग गंगा स्नान को लेकर अहले सुबह से गंगा के घाटों पर जुटने लगे थे। यह स्नान देर दोपहर तक सभी घाटों पर जारी थी। सबसे अधिक भीड़ स्थानीय त्रिवेणी संगम, मस्ताना घाट व कटैया घाट पर देखने को मिला। गंगा स्नान को लेकर नालंदा, जहानाबाद जिले से भी श्रद्धालु आए थे। वहीं त्रिवेणी संगम, मस्ताना घाट व कटैया घाट पर पुलिस प्रशासन की तैनाती की गई थी। बाजारों में माघी पूर्णिमा को लेकर चहल-पहल बनी रही। गंगा में नौकायन पर प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगा दिया गया था।
गंगा आरती का आयोजन

फतुहा। रविवार को शाम त्रिवेणी संगम पर माघी पूर्णिमा को लेकर गंगा आरती का आयोजन किया गया। गंगा आरती रामजनम कुमार के नेतृत्व में की गई। त्रिवेणी संगम पर रह रहे पुजारी गणेश गिरि के अनुसार प्रतिदिन गंगा की आरती की जाएगी। मौके पर सुनैना देवी, मालती देवी, उदय शंकर मिश्रा, अनिल चन्द्रवंशी व मंकु सिंह के साथ साथ दर्जनों श्रद्धालु मौजूद थे।

