February 17, 2026

फतुहा में दम तोड़ रही सरकारी गाइड लाईन, लॉक डाउन बना महज खानापूर्ति

फतुहा। पटना जिला के फतुहा में सरकारी गाइड लाईन का कोई असर लोगों पर नहीं होता दिख रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण लगाए गए लॉक डाउन यहां सिर्फ खानापूर्ति बन कर रह गई है। लोगों की भीड़ बैंक और सब्जी मंडियों में तो दिख ही रही थी अब मछली खरीदने वालों की भीड़ भी कम डरावना नहीं है। जबकि स्थानीय प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए दुकानों के खुलने और बंद करने के लिए समय तक बदल दिया है। इसके बावजूद तस्वीर बदलती नहीं दिख रही है। इसे हम लोगों की नादानी कहे या फिर प्रशासन की निष्क्रियता।
सोमवार की शाम फतुहा के लोहा पुल के निकट मछली बाजार खुली नहीं कि लोग मछली की खरीदारी के लिए सोशल डिस्टेंस को हीं भूल गए। मछली खरीदने के लिए दर्जनों लोग सोशल डिस्टेंस को भुलाते हुए आपाधापी करने लगे। कारण लोगों को यह डर सताने लगा कि कही पुलिस न आ जाए और बाजार से मछली न खत्म हो जाए। इस मछली बाजार में करीब आधे घंटे तक मछली की खरीदारी के लिए लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। जैसे ही मछली खत्म हुई, वहां से भीड़ भी स्वत: खत्म हो गई।

You may have missed