फतुहा में गंगा में डूबे दो बच्चे, एक को बचाया गया, दूसरे की तलाश जारी
फतुहा। रविवार को स्थानीय कटैया घाट पर माघी पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान नहाने के क्रम में दो बच्चे गंगा में डूबने लगे। आसपास नहा रहे श्रद्धालुओं की नजर जब इस पर पड़ी तो श्रद्धालुओं द्वारा एक बच्चे को किसी तरह गंगा से बाहर निकाला गया। लेकिन दूसरा बच्चा सीढ़ी से थोड़ी ही दूरी पर बन रहे भंवर में फंस गया और गंगा में लापता हो गया। यह देखते ही घाट से लेकर उसके घर तक कोहराम मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोग गंगा में लापता बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया। जाल भी गंगा में फेंके गए। यहां तक की गोताखोर टीम को भी गंगा में लापता बच्चे की खोज के लिए लगाया गया। लेकिन समाचार लिखे जाने तक उक्त बच्चे की कोई अता-पता नहीं चल पाया है। उधर डूबने से बचाए गए 9 वर्षीय बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां वह खतरे से बाहर है। बचाए गए बच्चे की पहचान दरियापुर निवासी संजय राय का पुत्र शनि कुमार के रूप में हुई है, वहीं गंगा में लापता हुए बच्चे की पहचान दरियापुर नया टोला निवासी स्व. मिथिलेश पासवान का 12 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रुप में हुई है। खबर की जानकारी होते ही बच्चे की मां कटैया घाट पर पहुंची और लोगों को बच्चे को जीवित निकालने की विनती करते हुए सीना पीटकर रोने लगी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों बच्चे एक साथ गंगा के किनारे कटैया घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी बीच दोनों बच्चे नहाते हुए गंगा में श्रद्धालुओं द्वारा डाले गए सिक्के को निकालने लगे थे। इसी क्रम में दोनों बच्चे असंतुलित हो गए और गंगा की धार में बहने लगे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन व पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय गोप बच्चे की तलाश में लगे हुए थे।


