फतुहा : मशरूम की खेती कर महिलाएं बनेगी आत्मनिर्भर, दिया जा रहा टिप्स
फतुहा। अब पटना जिला के फतुहा प्रखंड की महिलाएं भी सबसे कम लागत पर बटन मशरूम की खेती कर आत्मनिर्भर बनेगी। इसके लिए सरकार के महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रखंड के दो पंचायतों में महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण पाठशाला का आयोजन शुरू कर दिया गया है। यह पाठशाला फिलवक्त प्रखंड के गौरीपूंदा पंचायत के ग्यासपुर वरुणा तथा अलावलपुर पंचायत के अलावलपुर गांव में शुरू की गई है। प्रशिक्षण पाठशाला का आयोजन एग्रीकल्चर ट्रेनिंग मैनेजमेंट एजेंसी आत्मा के द्वारा दिया जा रहा है।


प्रखंड तकनीकी सहायक अपर्णा सुधांशु के अनुसार, अलावलपुर गांव में 25 महिलाओं को तथा ग्यासपुर वरुणा में 10 महिलाओं को मशरूम की खेती करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मशरूम के बीज के साथ-साथ रासायनिक सामग्री तथा तापमान मापक यंत्र भी दिया जा रहा है, साथ ही प्रशिक्षकों के द्वारा अपने ही घरों में किस प्रकार मशरूम की खेती कर पाएंगे, महिलाओं को इसकी भी टिप्स बताई जा रही है। अपने ही घरों में तथा कम लागत को देख महिलाएं जोशपूर्ण प्रशिक्षण लेने में जुटी है। तकनीकी सहायक के अनुसार, मशरूम को 15 दिन में ही तैयार कर बाजार में भेजने लायक बनायी जा सकती है। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अपर्णा सुधांशु ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की यह अहम पहल है। इस प्रशिक्षण के बाद प्रखंड के अन्य गांव में भी व पंचायतों में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

