December 5, 2025

फतुहा : बालू गिराने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर पथराव, कई जख्मी, पहुंची पुलिस प्रशासन की पूरी टीम

फतुहा। रविवार को शाम केवला तल मुहल्ले में एक विवादित जमीन पर बालू गिराने को लेकर हुई विवाद में दो गुटो के बीच जमकर पथराव किए गए। इस घटना में दोनों गुट के कई लोग जख्मी हो गए। जानकारी होते ही ग्रामीण एसपी कांतेय कुमार मिश्र, पटना सिटी एसडीओ राजेश रौशन, एएसपी मनीष कुमार सिन्हा के साथ साथ फतुहा पुलिस अनुमंडल के सभी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में किया। हालांकि अभी भी दोनों गुटों के बीच तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों ने गोलीबारी करने का भी आरोप एक दूसरे गुट के खिलाफ लगाया लेकिन पुलिस ने गोलीबारी से इंकार किया है। पुलिस प्रशासन की टीम समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर भी मौजूद थी तथा शांति की महौल स्थापित करने में लगे हैं।

अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
फतुहा। रविवार को देर शाम दौलतपुर गांव के पास फोरलेन पर अज्ञात वाहन के टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को फोरलेन से ही पटना के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार घायल सवार की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई थी। घायल की पहचान नहीं हो पाई है।

दहेज प्रताड़ना का आरोपी ने रचाई दूसरी शादी, प्राथमिकी दर्ज
फतुहा। रविवार को दहेज प्रताड़ना के एक आरोपी द्वारा लॉक डाउन में दूसरी शादी रचा लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि यह मामला खुसरुपुर थाना क्षेत्र के मोसिमपुर गांव से जुड़ी है लेकिन आरोपी की पहली पत्नी द्वारा फतुहा थाना में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पीड़ित महिला नियाजीपुर गांव की रहने वाली है। प्राथमिकी के अनुसार महिला ने आरोपी पति पर दहेज में टेम्पो नही दिए जाने पर बार बार प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने प्राथमिकी में बताया कि प्रताड़ना के कारण वह अपने मायके में रह रही थी, इसी बीच उसके पति ने दूसरी शादी रचा ली। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार धारा 498ए तथा धारा 494 के तहत आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

You may have missed