फतुहा : नये प्रवासियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बीडीओ ने कराया योगा, गुलाब देकर स्वागत
फतुहा। शुक्रवार की शाम महाराष्ट्र से पहुंचे 26 प्रवासियों को उत्साह बढ़ाने के लिए बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने डुमरी हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर में योगा कराया। योगा के अभ्यास के दौरान बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बीच-बीच में उनसे संवाद स्थापित कर मनोरंजन भी कराया। योगा के अंत में सभी प्रवासियों को कोरोना की जानकारी दी तथा इससे बचने के लिए उन्हें जागरुक भी किया। इस मौके पर बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि सेंटर पर रहने वाले सभी प्रवासियों को उनके स्कील के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने हेतु रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके पहले डुमरी हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर पहुंचने वाले सभी प्रवासियों को राजद नेता मृत्युंजय यादव ने गुलाब का फूल देकर स्वागत किया तथा उनके हौसले को बढ़ाया।

प्रवासियों की बढ़ी संख्या, फतुहा में हो गये पांच क्वारंटाइन सेंटर
फतुहा। प्रवासियों के लिए पहले से दो क्वारंटाइन सेंटर पहले से चल रहे थे। लेकिन बीते शुक्रवार की रात्रि जैसे ही प्रवासियों की संख्या बढी तो तीन अतिरिक्त क्वारंटाइन सेंटर जल्दबाजी में खोले गए। अब प्रखंड के अंदर कुल पांच क्वारंटाइन सेंटर चल रहे हैं। स्थानीय हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर में 110, बीआरसी भवन में 37, प्रखंड कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में 11, डुमरी हाईस्कूल में 26 तथा बलवा हाईस्कूल क्वारंटाइन सेंटर में 30 प्रवासियों को क्वारंटाइन किया गया है। स्थानीय प्रशासन प्रवासियों की संख्या बढ़ने पर क्वारंटाइन सेंटर निर्माण के लिए अतिरिक्त जगहों को भी चिन्हित कर रही है।

