फतुहा : डूबे वृद्ध का शव बरामद, होम क्वारंटाइन में दो बहनों से छेड़खानी

गंगा में डूबे वृद्ध का शव बरामद
फतुहा। बीते रविवार को स्थानीय त्रिवेणी घाट पर गंगा में डूबे वृद्ध का शव सोमवार को खुसरुपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर के पास गंगा किनारे से बरामद कर लिया गया। बरामद शव को नदी थाना पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। इसके पहले परिजनों ने नाव से दूसरे दिन शव की तलाश की। विदित हो कि वार्ड नंबर 8 के निवासी 60 वर्षीय नरेश ठाकुर गंगा में त्रिवेणी घाट पर हाथ-पैर धोने के क्रम में फिसलकर डूब गये थे।

होम क्वारंटाइन की गई दो बहनों से मारपीट व छेड़खानी
फतुहा। थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले में होम क्वारंटाइन की गई दो बहनों के साथ लफंगों ने घर में घुसकर मारपीट की तथा विरोध किए जाने पर छेड़खानी भी की। इस संदर्भ में पीड़ित दोनों बहनों की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जाता है कि दोनों बहनें कुछ दिन पहले दिल्ली से आई थी। चिकित्सक द्वारा जांच कर उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। आरोपी कोरोना फैलाने का आरोप लगाते हुए घर में घुस गए। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed