December 8, 2025

फतुहा : ठनका की चपेट में आने से किशोरी की मौत, दो गुटों के बीच जमकर मारपीट

फतुहा : ठनका की चपेट में आने से किशोरी की मौत
फतुहा। गुरुवार सुबह कोलहर गांव के अरियाग टोला में ठनका के चपेट में आने से एक 12 वर्षीय किशोरी गंभीर रुप से झुलस गई तथा घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। यह देखते ही जहां पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया, वहीं उसके परिजनों के बीच कोहराम मच गया। बच्ची की मां का रो-रो कर बुरा हाल था। मृत किशोरी की पहचान सुनील कुमार की पुत्री रंती कुमारी के रुप में हुई है। बताया जाता है कि किशोरी शौच के लिए खलिहान के तरफ गयी थी, तभी बगल के एक ताड़ के पेड़ पर ठनका गिर गई। इसी ठनके के चपेट मे आने से किशोरी झुलस गई तथा घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही जिला पार्षद सुधीर यादव घटनास्थल पर पहुंचे तथा किशोरी के परिजनों से मिल सांत्वना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाकर घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है।

नाली गली के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, तीन जख्मी
फतुहा। गुरुवार को अरियाग टोला में नाली-गली के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में विरोधी गुट के लोगों ने एक गुट के तीन लोगों को रड से हमला कर जख्मी कर दिया। जख्मी लोग उसी हालत में थाने पहुंचे तथा सभी का इलाज पीएचसी में कराया गया। जख्मी लोगों में सुरेंद्र सिंह, उसके भाई अखिलेश सिंह तथा बच्ची वीणा देवी शामिल है। इस संदर्भ में पीड़ित सुरेंद्र सिंह ने सात लोगों को नामजद करते हुए थाने में शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच अरसे से गली में बने नाली के लिए विवाद चला आ रहा है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed