January 29, 2026

फतुहा : खेतों में भी बनाया मानव श्रृंखला, गरीब मजदूरों के बच्चों में भी दिखा उत्साह

फतुहा। रविवार को जल जीवन हरियाली को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखने को मिला। लोग समय से पहले ही सड़क पर आ गए और एक-दूसरे के हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनायी। सबसे ज्यादा उत्साह स्कूली बच्चों और जीविका समूह से जुड़े महिलाओं में दिखा। चौराहा पर फतुहा हाईस्कूल के छात्राओं ने जहां मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

वहीं डैफोडिलस पब्लिक स्कूल के छात्राओं ने हरे रंग के ड्रेस में मानव श्रृंखला का निर्माण कर महारानी चौक पर हरियाली के प्रतीक का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। स्टेशन रोड में भी सामाजिक कार्यकर्ताओं व स्कूली बच्चों ने मानव शृंखला बनाया। वहीं पुनपुन पुल, मौजीपुर व जेठुली में काफी संख्या में लोग सड़क पर उतर कर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मानव श्रृंखला बनाया। जेठुली में संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के छात्राओं ने सिस्टर प्रज्ञा के नेतृत्व में मानव शृंखला बनाया। जदयू कार्यकर्ताओं ने भी महारानी चौक पर एकत्रित होकर मानव श्रृंखला का निर्माण किया। इस मौके पर प्रो. निहोरा यादव, अभय सिंह, सतपाल सिंह आजाद के साथ साथ डीसीएलआर अखिलेश यादव, बीडीओ मृतयुजंय कुमार, थानाध्यक्ष मनीष कुमार, परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी कपिलदेव प्रसाद समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे।
गरीब मजदूरों के बच्चों में भी दिखा उत्साह
जेठुली स्थित संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के पास गरीब मजदूरों के बच्चों ने भी मानव श्रृंखला बनाने में उत्साहित रहे। करीब पन्द्रह बच्चे अपने साथियों के साथ एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनायी। इस दौरान वे पंक्तिबद्ध होकर मानव श्रृंखला के अंतिम समय तक अपने पंक्ति में डटे रहे।
खेतों में भी दिखा मानव श्रृंखला
मौजीपुर गांव में विजय मुखिया के नेतृत्व में भी सरसों के खेत के बीच मानव श्रृंखला बनाया गया। लोगों ने खेतों में यह दृश्य उत्पन्न कर जल जीवन हरियाली का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

You may have missed