February 11, 2026

फतुहा की दिनभर की खबरें: स्टेशन रोड के दो दुकानों में हजारों की चोरी, बड़े पैमाने पर शराब भट्टी ध्वस्त

स्टेशन रोड के दो दुकानों में हजारों की चोरी, चोरों ने किसी का वेंटिलेटर तोड़ा तो किसी का दरवाजा

फतुहा। बीते गुरुवार की रात्रि स्टेशन रोड स्थित दो दुकानों में चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर ली। पहली घटना में जहां चोरों ने एक जूता दुकान के पीछे का वेंटिलेटर तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की जूते चोरी कर ली तो वहीं दो दुकान बाद चोरों ने छत के सहारे दरवाजा तोड़कर एक रेडिमेड कपड़े की दुकान से भी 15 हजार रुपये की कपड़े चोरी कर ली। दोनों दुकानदारों को शुक्रवार की सुबह उस समय जानकारी मिली जब दोनों दुकानदार दुकान खोलने अपने-अपने दुकान पर पहुंचे। दोनों दुकान के पीछे एक छत पर चोरों के भागने के क्रम में एक जोड़ी जूते भी छुट गये हैं। सूचना दिए जाने पर पुलिस ने दोनों दुकान का जायजा लिया। दीपक शू स्टोर के मालिक ऋषि कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। साथ ही रेडिमेड कपड़ा दुकान मालिक त्रिपुरारी कुमार ने भी पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करायी है। दोनों मामले में पुलिस छानबीन करने में जुटी है।

बड़े पैमाने पर शराब भट्टियों को किया गया ध्वस्त, धंधेबाज फरार

फतुहा। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के देवरसौकी व भगवानपुर गांव में पुलिस ने पुनपुन नदी के तराई क्षेत्र में बने बड़े पैमाने पर शराब भट्ठी को ध्वस्त किया है। विदित हो कि इस गांव में पुलिस कई बार छापेमारी कर शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर शराब भट्ठी को ध्वस्त कर चुकी है। इसके बावजूद भी कारवाई खत्म होते ही धंधेबाज फिर से सक्रिय हो जाते हैं। धंधेबाज अपने आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सूचना मिलने पर शुक्रवार को भी पुलिस वहां पहुंचकर सात से आठ भट्ठी को ध्वस्त किया है। 16-17 ड्रम बने देशी शराब को विनष्ट कर दिया है तथा शराब बनाने वाले उपकरणों को भी विनष्ट कर दिया है। इस दौरान पुलिस ने चालीस लीटर देशी शराब भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार सभी धंधेबाज पुनपुन नदी पार कर भागने में सफल हो गए। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार धंधेबाजों को पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिहार बंद के पूर्व संध्या पर राजद ने निकाला मशाल जुलूस


फतुहा। शुक्रवार को शाम नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं ने बिहार बंद के पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकालकर शहर भर में प्रदर्शन किया और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह जुलूस स्टेशन रोड के कल्याण नाथ मंदिर से चौराहा होते हुए महारानी चौक तक गयी। इसके बाद यह जुलूस एक सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता दयानंद यादव ने अधिक से अधिक लोगों को शनिवार को होने वाले बिहार बंद को सफल बनाने की अपील की। मौके पर श्याम नंदन यादव, विनोद यादव, मनोज यदुवंशी, राम प्रसाद, भोला सिंह, गनौरी यादव, मो. फुटुश समेत कई राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।

28 को होगा जदयू के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन

फतुहा। आगामी 28 दिसम्बर को कबीर मठ परिसर में फतुहा विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों का एक सम्मेलन आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन में बूथ सचिव की भी उपस्थिति रहेगी। इस बात की जानकारी देते हुए जदयू के प्रदेश महासचिव निहोरा यादव ने बताया कि सम्मेलन के दौरान विधान सभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संगठन प्रभारी के साथ साथ प्रदेश के कई नेता भी मौजूद रहेंगे।

You may have missed