प्रवासी श्रमिकों के मौत के मुद्दे पर राज्य स्तर पर आंदोलन छेड़ने की तैयारी में बिहार कांग्रेस

पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश वापस लौट रहे प्रवासी श्रमिकों के मौत के मुद्दे पर राज्य स्तर पर आंदोलन छेड़ने की तैयारी में है। इसके तहत प्रथम चरण में गत 28 मई को प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के नेतृत्व में धरना दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अब प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे पर राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का रूपरेखा तैयार कर रही है। इस संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. झा के निर्देश पर कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों समेत सभी कमेटी के अध्यक्षों को पत्र लिखकर तैयारी का निर्देश जारी किया है। इस आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने बताया कि द्वितीय चरण में आगामी 2 जून को प्रदेश कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिला मुख्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए धरना देंगे। राठौड़ ने बताया कि इस दौरान जिलाधिकारियों को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। तृतीय चरण में इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए क्रमश: 4 तथा 6 जून को प्रदेश के सभी ब्लाक कमेटियों के द्वारा अपने-अपने प्रखंड में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सांकेतिक धरना आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्मार पत्र भी सौंपा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों के प्रदेश वापस लौटने के क्रम में हुए मौतों के सीधे जिम्मेदारी केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार की बनती है। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा लिए गए अनुचित निर्णय के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा लाखों की संख्या में प्रवासी श्रमिकों को असहनीय पीड़ा सहना पड़ा। इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार पर भी जाती है। राठौड़ ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी अब रुकने वाली नहीं है। राज्यव्यापी संघर्ष करके राज्य की जनता को यह बताया जाएगा कि केंद्र तथा राज्य की सत्ता में बैठी पार्टियां किस कदर जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट से राज सत्ता तक पहुंचने वालीं भाजपा-जदयू अब अनर्गल निर्णयों के द्वारा जनता को ही कष्ट के चक्की में पिसने को आतुर दिखती है।
